अक्सर ट्रेनों में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं। राजधानी, वंदे भारत, शताब्दी और एक्सप्रेस ट्रेनों में खासतौर से लंच और डिनर में मिलने वाली मील के मेन्यू को लेकर यात्री परेशान रहते हैं। लेकिन आने वाले समय में भारतीय रेलवे ट्रेनों में मिलने वाले खाने को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रहा है।
सोमवार को रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेनों में मिलने वाले खाने को लेकर बड़ा बयान दिया। खाने की गुणवत्ता को लेकर रेल मंत्री से खबरगांव ने सवाल किया था- ‘ट्रेनों में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता ख़राब रहती है इसको सुधारने के लिए रेलवे क्या प्रयास कर रहा है।’
यह भी पढ़ें: 'न्याय नहीं मिला तो हाई कोर्ट जाएंगे', MLC के शपथ ग्रहण के बाद बोले तेजस्वी यादव
क्या बोले रेल मंत्री?
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जवाब देते हुए कहा कि ‘हाल के दिनों में इसमें उल्लेखनीय बदलाव आया है और आने वाले समय में इसमें बड़े पैमाने पर सुधार होगा।’ इसके अलावा रेल मंत्री ने देश में चलने वाली पहली बुलेट ट्रेन को लेकर भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन का ट्रायल मई 2027 में शुरू हो जाएगा।
अश्विन वैष्णव ने बताया कि गुजरात के सूरत से बिलिमोरा तक बुलेट ट्रेन का 50 किलोमीटर का सेक्शन पूरी तरह इलेक्ट्रिफाइड हो गया है। अब इस हिस्से में तकनीकी जांच और टेस्टिंग की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन का इंजन और कोच भारत में ही तैयार किए जा रहे हैं। इसको बनाने का काम सरकारी कंपनी BEML लिमिटेड बैंगलोर में कर रही है।