केंद्र सरकार के सबसे बड़े अस्पताल सफदरजंग में रोजाना 10,000 से 12,000 लोग ओपीडी में दिखाने के लिए आते हैं। इन मरीजों को देखने के लिए सफदरजंग अस्पताल परिसर में दर्जनों बड़ी-बड़ी बिंल्डिंग और ब्लॉक बने हुए हैं। इन्हीं बिंल्डिंग और ब्लॉक में कहीं सर्जरी होती है तो कहीं मरीजों को भर्ती किया जाता है। मगर, सफदरजंग अस्पताल में कई इमारतें इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि यह बड़े हादसों को बुलावा दे रही हैं। यह जर्जर इमारतें इतनी महत्वपूर्ण हैं कि इनमें मरीजों के साथ में डॉक्टर भी होते हैं, लेकिन अस्पताल प्रशासन का इन जर्जर इमारतों की तरफ बिल्कुल भी ध्यान नहीं है।
दरअसल, सफदरजंग अस्पताल में ART सेंटर के पास 'शल्य चिकित्सा विभाग' Department Of Surgery की बिल्डिंग है। इस बिल्डिंग के सामने बड़ी सी खाली जगह है, जो सर्जरी विभाग की फैकल्टी के लिए पार्किंग करने की जगह है। इसी पार्किंग के सामने डिपार्टमेंट ऑफ जनरल सर्जरी की बिल्डिंग जर्जर हालत में खड़ी है। बिल्डिंग की हालत इतनी खस्ता है कि इसका प्लाटर झड़ चुका है। जगह-जगह से प्लाटर खत्म हो चुका है, जिसकी वजह से बिल्डिंग की ईंटे दिखाई दे रही हैं, पेंट हट चुका है।

प्लास्टर उखड़ा, सरिए में जंग
बिल्डिंग की हालत इतनी खराब है कि इसके छज्जे से प्लास्टर हट गया है और उसका सरिया बाहर आ चुका है। हवा और पानी में बाहर रहने के कारण सरिए में जंग लग चुकी है। बिल्डिंग को देखने के बाद ऐसा लगता है जैसे सफदरजंग अस्पताल प्रशासन ने सालों पहले यहां काम करवाया हो और अब प्रशासन इससे मुंह मोड़ चुका है।

सर्जरी विभाग बिल्डिंग में होता क्या है?
सर्जरी विभाग की इस जर्जर बिल्डिंग में डॉक्टर और मरीज दोनों रहते हैं। इस बिल्डिंग में उन मरीजों को रखा जाता है, जिनकी एक-दो दिन बाद सर्जरी होनी होती है। सर्जरी से पहले मरीजों को यहां रखा जाता है। वहीं, शल्य चिकित्सा विभाग की फैकल्टी के डॉक्टर इसी बिल्डिंग में बैठते हैं। इतनी महत्वपूर्ण बिल्डिंग होने के बावजूद सफदरजंग अस्पताल इसकी देखभाल नहीं कर रहा।

भविष्य में सफदरजंग अस्पताल की इस बिल्डिंग को सुधारा नहीं गया तो कभी भी हादसा हो सकता है। ऐसे में खस्ताहाल इमारत गिरी तो डॉक्टर और मरीज दोनों इसके नीचे दबेंगे। हालांकि, जब हमने सफदरजंग अस्पताल की जनसंपर्क अधिकारी (PRO) को बिल्डिंग की फोटो और वीडियो भेजकर इस बारे में बात करनी चाही तो उन्होंने मैसेज और फोन कॉल को कोई जवाब नहीं दिया। वहीं, VMMC और सफदरजंग हॉस्पिटल की डायरेक्टर कविता रानी शर्मा और यहां की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. चारू बाम्बा का भी ध्यान इस ओर नहीं है।
सफदरजंग अस्पताल का कितना है सालाना बजट?
बता दें कि सफदरजंग अस्पताल और वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज को केंद्र सरकार ने साल 2026-27 के लिए कुल मिलाकर 2,170.7 करोड़ रुपये का बजट दिया है। सरकार ने इससे पहले साल 2025-26 के लिए 2,045 करोड़ रुपये का बजट अलॉट किया था। सफदरजंग देश के सबसे व्यस्त रेफरल सेंटर में से एक अस्पताल है।