आनंद विहार रेलवे स्टेशन देश की राजधानी दिल्ली के सबसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों में से एक है। यहां से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारतीय राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम के लिए ट्रेनें चलाई जाती हैं। मगर, इस रेलवे स्टेशन की सुरक्षा राम भरोसे चल रही है। यहां मुख्य गेट पर दो जगहों से चेकिंग गेट से यात्री तो जा रही रहे हैं लेकिन गेट के दोनों तरफ दो ऐसे गेट हैं, जहां से बिना सुरक्षा जांच के लोग स्टेशन परिसर के अंदर आ-जा रहे हैं, जिससे आनंद विहार रेलवे स्टेशन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर दोनों एग्जिट गेट पर बिना सुरक्षा जांच के यात्री/संदिग्ध अंदर-बाहर आ जा सकते हैं। यहां तैनात सिपाही दोनों गेट से लोगों को स्टेशन परिसर के अंदर आने से रोकते हुए नहीं दिखाई दिए। जो यात्री स्टेशन के अंदर आए उनके पास लगेज/सामान भी मौजूद था। एक घंटे के दौरान 50 से 60 यात्री सामान के साथ स्टेशन परिसर के अंदर आते दिखे लेकिन सुरक्षाकर्मी कूलर के सामने बैठकर मोबाइल फोन चलाते हुए दिखाई दिए।

यह भी पढ़ें: हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर हर दो मिनट में रेल गाड़ी, जान खतरे में डाल रहे लोग
फोर्स के बावजूद घोर लापरवाही सामने आई
सुरक्षा में इस तरह का रवैया आनंद विहार रेलवे स्टेशन, यहां से चलने वाली राजधानी, गरीब रथ एक्सप्रेस, हमसफर और अन्य सुपरफास्ट ट्रेनें और यात्रियों की सुरक्षा के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ है। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर परिसर के अंदर जा सकता है, जिससे बड़ी घटना हो सकती है। मगर, रेलवे स्टेशन पर RPF और GRP जैसी फोर्स होने के बावजूद इस तरह की घोर लापरवाही सामने आई है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर ने दिया फोर्स की कमी का हवाला
हालांकि, रेलवे स्टेशन की सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ के जिम्में होती है। इस बारे में जब 'खबरगांव' ने आनंद विहार रेलवे स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक (RPF) इंस्पेक्टर नकुल से बात की तो उन्होंने स्टेशन पर सुरक्षाकर्मियों की कमी का हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर रोज हजारों यात्रियों का आना जाना है, एग्जिट गेट पर सिपाही की ड्यूटी पर लापरवाही पर उन्होंने जवाब दिया कि एग्जिट गेट से प्रवेश कर रहे कुछ लोग स्टाफ के होते हैं, जिनको जाने दिया जाता है, हालांकि बाद में उन्होंने सभी गेट पर सिपाहियों को अलर्ट किया और फिर किसी यात्री को एग्जिट गेट से प्रवेश नहीं करने दिया।

यह भी पढ़ें: खबरगांव की खबर पर जागा रेलवे, कुलियों की वसूली पर कही ऐक्शन की बात
आनंद विहार रेलवे स्टेशन की अहमियत
आनंद विहार रेलवे स्टेशन की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां से रोजाना लगभग 60 ट्रेनें आती और जाती हैं। ऐसे में स्टेशन पर रोजाना एक लाख से ज्यादा यात्री यात्रा करते हैं। यात्रियों की इतनी बड़ी संख्या होने के बावजूद यहां महज 120 आरपीएफ के सुरक्षाकर्मी हैं। साफ है कि 834 यात्रियों के ऊपर सिर्फ एक जवान हैं।