पूरा उत्तर भारत भीषण भारत की चपेट में है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की आशंका है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिले लू की चपेट में हैं। भोपाल, इंदौर और रतलाम जिले में 8वीं तक के स्कूलों को 30 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है। वहीं भीषण गर्मी के कारण अयोध्या के राम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में 60 फीसद की कमी आई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम तक दिल्ली के कुछ स्थानों पर हीट वेब का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुछ जगह पर बादल छाने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: बस चुराई और रॉन्ग साइड में दौड़ा दी, पुणे में गिरफ्तार हुआ ड्राइवर
भीषण गर्मी से जूझ रहे झारखंड की जनता को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने सोमवार को बारिश का अनुमान जताया है। सरायकेला में तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में 40.8 डिग्री सेल्सियस और डाल्टनगंज में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज रिकॉर्ड किया गया। रविवार से मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में चिलचिलाती गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। प्रदेश के छह शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया। वहीं 31 जिलों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर बना रहा। सबसे अधिक तापमान बांदा जिले में 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अगर राजधानी लखनऊ की बात करें तो पारा 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उधर, पश्चिमी यूपी भी भीषण लू की चपेट में है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिनों तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी।
यह भी पढ़ें: नशे में कर दी थी पेशाब, दो बार गए थे जेल, काश पटेल पर नए खुलासे से मची सनसनी
भीषण गर्मी के कारण राम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी आई है। पहले यहां एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं आते थे। मगर गर्मी के कारण संख्या घटकर 40 हजार हो गई। इस बीच नगर निगम राम पथ और आसपास के इलाके में पानी का छिड़काव कर रहा है, ताकि लोगों को गर्मी से राहत दी जा सके। उधर, राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 3000 भक्त की क्षमता का वातानुकूलित प्रतीक्षालय बनाया गया है।