हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ट्रेनिंग ले रहे एक इंडियन पुलिस सर्विस (आईपीएस) के ट्रेनी अधिकारी पर कई गंभीर आरोप लगे हैं जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में एक 30 साल की महिला ट्रेनी IPS अधिकारी ने अपने ही बैच के एक साथी ट्रेनी IPS अधिकारी पर कथित तौर पर यौन उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी, गलत तरीके से बंधक बनाने और मानसिक प्रताड़नाके बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी ट्रेनी अधिकारी उदय कृष्ण रेड्डी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, महिला ट्रेनी IPS अधिकारी का आरोप है कि 23 जून से आरोपी लगातार उनका पीछा कर रहा था और व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक व अश्लील मैसेज भेज रहा था। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने अकादमी के अन्य ट्रेनी अधिकारियों के सामने उनके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कीं और उनके निजी जीवन को लेकर झूठी बातें फैलाने की कोशिश की। महिला अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार मानसिक दबाव बनाता रहा और उन्हें परेशान करता रहा।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में UCC में क्या बदलेगा? विवाह, तलाक, लिव-इन और विरासत के नियम समझिए
ब्लैकमेल करने का भी आरोप
शिकायत में कहा गया है कि 8 जुलाई को आरोपी ने कथित तौर पर महिला अधिकारी का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और पासवर्ड बताने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि उसने मोबाइल में मौजूद व्यक्तिगत जानकारी और पर्सनल चैट्स खंगाले। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक प्राइवेट वीडियो तक पहुंच बनाई। महिला अधिकारी का कहना है कि आरोपी ने उस वीडियो को उनके पति को भेजकर उन्हें बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम को भी शिकायत का हिस्सा बनाया गया है।
मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
एफआईआर में महिला अधिकारी ने आरोप लगाया है कि 9 जुलाई की रात आरोपी ने उन्हें जबरन अपने कमरे में ले जाकर बाहर निकलने नहीं दिया। शिकायत के अनुसार, इस दौरान आरोपी ने उनके बाल खींचे, गला दबाने की कोशिश की और चाकू दिखाकर धमकाया। इस दौरान आरोपी ने उनके साथ अश्लील हरकतें कीं और उन पर कंडोम के पैकेट फेंके। महिला अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और अगले दिन यानी 10 जुलाई को भी उनके साथ मारपीट की।
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक अस्पताल में, धरने पर अभिजीत दीपके, कामयाब होगा चलो संसद मार्च?
मामला दर्ज कर जांच शुरू
पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर ट्रेनी IPS उदय कृष्ण रेड्डी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें यौन उत्पीड़न, गलत तरीके से बंधक बनाना, मारपीट, आपराधिक धमकी, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और अन्य संबंधित आरोप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।