कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार, 23 फरवरी को उत्तराखंड के वायरल जिम ट्रेनर मोहम्मद दीपक से मुलाकात। उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। उन्होंने पोस्ट पर कैप्शन लिखा, 'यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान। उत्तराखंड के भाई 'मोहम्मद दीपक' से मुलाकात, एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए।' इस मुलाकात के बाद दीपक ने बताया कि राहुल गांधी ने कोटद्वार आने और उनके जिम की मेंबरशिप लेने का भी वादा किया है।
मुलाकात के बाद जिम ट्रेनर मोहम्मद दीपक ने बताया कि उन्हें राहुल गांधी ने दिल्ली बुलाया था। वहां राहुल गांधी ने उनके परिवार से भी बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्होंने जो किया वह सही था। इसलिए किसी तरह का डर रखने की जरूरत नहीं है। मीडिया से बात करते हुए दीपक ने बताया कि राहुल गांधी ने उनसे कहा कि वे जल्द ही उत्तराखंड के कोटद्वार आएंगे और उनके जिम की मेंबरशिप भी लेंगे। दीपक ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो यह उनके लिए बेहद खुशी और गर्व की बात होगी। इस दौरान दीपक की मुलाकात कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से भी कराई गई। दीपक ने दोहराया कि उनका राजनीति से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने सिर्फ इंसानियत के नाते आवाज उठाई थी।
यह भी पढ़ें: ट्रंप के टैरिफ के से भारत के व्यापार पर होगा क्या असर? सीतारमण ने बता दिया
दीपक कुमार का बयान
मीडिया से बात करते हुए दीपक कुमार ने कहा, 'मुझे राहुल जी ने बुलाया था और मेरी फैमिली से उन्होंने बात करी है। जो भी कुछ यह मामला हुआ है उन्होंने मुझे समझाया है। मेरी फैमिली से, मेरी वाइफ से उन्होंने बात करी है। मुझे तसल्ली दी है कि दीपक जी कोई दिक्कत वाली बात नहीं है। कोई आपने गलत काम नहीं किया है, आपने अच्छा काम किया है और मैं आपको आपकी कोटद्वार आकर आपकी जिम की मेंबरशिप लूंगा और आपसे मिलूंगा। उन्होंने मुझे तसल्ली दी है। दिलासा दिया है कि जो भी कुछ यह मामला हुआ है इससे घबराने की जरूरत नहीं है। कोई आपने गलत काम नहीं किया है और जो भी आपने काम किया है बहुत अच्छा काम किया है।'
यह भी पढ़ें: असम और अरुणाचल के बॉर्डर पर लगाया गया पिलर, दोनों राज्यों के लोग खुश क्यों हैं?
उन्होंने आगे बताया, 'सोनिया जी से भी मिलवाया है। रही बात राजनीति की, राजनीति से मेरे को कोई लेना देना नहीं है। मुझे उन्होंने बुलाया है। मैं एक इंसानियत के तौर पर मैं उनसे मिलने के लिए आया हूं। क्योंकि मुझे बहुत अच्छा लगा है कि राहुल जी ने मुझे बुलाया है कि कोई इंसान तो मुझे समझ रहा है। मेरी बात को समझ रहा है कि मैंने जो भी आवाज उठाई है, इंसानियत के लिए आवाज उठाई है। कोई ऐसा इंसान है कि जो मुझे समझ रहा है।'
क्या था कोटद्वार विवाद?
पूरी घटना 26 जनवरी की है। उस दिन बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता कोटद्वार के पटेल मार्केट में 'बाबा स्कूल ड्रेस' नाम की एक दुकान के बाहर पहुंचे। उन्होंने 70 साल के दुकानदार वकील अहमद से दुकान के नाम से 'बाबा' शब्द हटाने की मांग की। उनका कहना था कि यह शब्द हिंदू धार्मिक संतों से जुड़ा है और इसका इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: 16 AI कंपनियों के CEO से मिले PM मोदी, 'दो बेटों' पर क्यों उठने लगे सवाल?
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी बीच 46 वर्षीय जिम ट्रेनर दीपक कुमार वहां पहुंचे और खुद को मोहम्मद दीपक बताते हुए प्रदर्शनकारियों से वहां से जाने को कहा। इसके बाद 31 जनवरी को फिर बड़ी संख्या में लोग दुकान और दीपक के जिम के बाहर जमा हुए। इसके बाद वहां सड़क जाम हुई और नारेबाजी भी की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में कर लिया। कोटद्वार की इस घटना के बाद मोहम्मद दीपक चर्चा में आ गए थे। अब राहुल गांधी से मुलाकात के बाद दीपक एक बार फिर सुर्खियों में हैं।