दिल्ली में सोमवार को हुए जोरदार प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी संसद तक पहुंच गए थे। आनन-फानन में संसद भवन के दरवाजे भी बंद कर दिए गए थे। अब उसी मंजर को याद करते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद
कंगना रनौत
ने कहा है कि उस वक्त संसद में लोग डर गए थे। कंगना का कहना है कि एक वक्त तो सांसदों को डर था कि कहीं लोग संसद पर अटैक न करें। उन्होंने दिल्ली पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि उसने सांसदों की रक्षा की। मंगलवार को हुई सांसदों की बैठक के बारे में कंगना रनौत ने कहा कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
ने युवाओं के बारे में चर्चा की है।
संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस (NDA) सांसदों की इस बैठक हुई जिसे 'मंगल मिलन' नाम दिया गया था। इस बैठक में एनडीए के तमाम दलों के नेता और सांसद शामिल हुए। इसी मीटिंग के बाद निकलीं कंगना रनौत ने बताया कि मीटिंग में प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा। उन्होंने सोमवार को प्रदर्शन के दौरान का मंजर भी बयां किया।
यह भी पढ़ें: 'जहां पेपर लीक हो, सख्ती दिखाओ...', PM मोदी ने पेपर लीक पर क्या कहा?
सोमवार को कैसा हाल था?
सोमवार का हाल बताते हुए कंगना रनौत ने कहा, 'आप लोग भी सब अंदर थे, आपने देखा कि सब कितने घबरा गए थे। गेट बंद कर दिए गए थे। सभी सांसद अंदर कैद हो गए थे। हम मूव नहीं कर पा रहे थे। भीड़ अटैक कर रही थी। एक वक्त पर तो सब डर गए थे कि शायद हम पर अटैक कर देंगे या क्या करेंगे। मैं दिल्ली पुलिस की तारीफ करूंगी कि उन्होंने हमारे बीच में शील्ड बनकर खुद चोटें खाई लेकिन जनमानस को कोई हानि नहीं होने दी।'
एनडीए की मीटिंग के बारे में बताते हुए कंगना रनौत ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी ने हमारा मार्गदर्शन किया। बहुत सारी चीजों को लेकर हमें निर्देश मिले। खासकर युवाओं को लेकर, उनकी महत्वाकांक्षाओं को लेकर कि किस तरह हम जनप्रतिनिधि उसके साथ न्याय करें। प्रधानमंत्री जी ने
NEET
को लेकर, भ्रष्टाचार को लेकर और कोचिंग तक पर बात की। हमें कैसे इससे निपटना है, उस पर प्रधानमंत्री ने विस्तार से बात की।'
यह भी पढ़ें: BNSS 163 के तहत आपके खिलाफ केस हो गया तो क्या हो सकता है?
दरअसल, सोमवार को जंतर-मंतर से चले सैकड़ों प्रदर्शनकारी संसद के गेट तक पहुंच गए थे। हालांकि, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बल प्रयोग करके उन्हें वहां से खदेड़ दिया। जिस वक्त ये सब हुआ उस वक्त संसद के गेट बंद कर दिए गए थे और सदन के अंदर मौजूद सुरक्षाकर्मी भी अलर्ट पर आ गए थे। एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें देखा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मीडिया से बात कर रहे थे, उसी वक्त आंसू गैस के गोले दागने की आवाज आ रही थी। आवाज सुनते ही सुरक्षाकर्मियों ने सांसदों से कहा कि वे अंदर चले जाएं।