देश में मानसून विदा हो चुका है, लेकिन कई राज्यों में बारिश का सिलसिला अब भी थम नहीं रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने ताजा अनुमान जारी करते हुए 13 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश, आंधी और घने बादलों का अलर्ट दिया है। इसमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे बड़े हिस्से शामिल हैं। सबसे ज्यादा असर ओडिशा में देखने को मिल रहा है, जहां बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर तटीय और दक्षिणी इलाकों पर दिखाई दे रहा है। ओडिशा के गोपालपुर के पास 73 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और इसके चलते कई जिलों में रेड अलर्ट घोषित करना पड़ा।
पश्चिम बंगाल में दशहरे के मौके पर हुई बारिश ने दुर्गा पूजा और विसर्जन की रौनक पर पानी फेर दिया। कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में लगातार बारिश से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। इधर, जम्मू-कश्मीर में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम विभाग ने जम्मू, उधमपुर, डोडा और कठुआ में 4 से 7 अक्टूबर तक बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में गिरावट और ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। बिहार और झारखंड में भी बारिश का दौर 7 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: कफ सिरप, मौत और हंगामा, जांच के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्या बताया?
ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर ओडिशा पर साफ दिख रहा है। गोपालपुर तट के पास यह दबाव समुद्र पार कर चुका है, जहां हवा की रफ्तार करीब 73 किमी प्रति घंटे दर्ज की गई है। इसके चलते मौसम विभाग ने पुरी, गंजाम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट, कालाहांडी और कंधमाल जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 16 जिलों में ऑरेंज और सात जिलों में येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पश्चिम बंगाल में दशहरा पर बारिश की मार
दशहरे के दिन ही बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव ने पश्चिम बंगाल में त्योहार की रौनक फीकी कर दी। कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में सुबह से ही तेज बारिश और बादल छाए रहे। पूजा पंडालों और विसर्जन में शामिल लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में 6 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: 'नक्शे में रहना है या नहीं, तय कर ले पाक'- आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी
जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के चार जिले जम्मू, उधमपुर, डोडा और कठुआ में 4 से 7 अक्टूबर तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 6 अक्टूबर को इन जिलों में 100 से 200 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का अहसास शुरू हो जाएगा।
बिहार और झारखंड में भी असर

बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में 7 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।