• NEW DELHI
24 Jan 2026, (अपडेटेड 24 Jan 2026, 7:07 AM IST)
दिल्ली में अचानक सर्दी बढ़ गई है, सड़कें साफ हैं, हवा में प्रदूषण का स्तर भी कम हुआ है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में भी सर्दी बढ़ा दी है।
कश्मीर के बड़गाम में भीषण बर्फबारी हुई है। Photo Credit: PTI
उत्तर भारत से लेकर हिमालयी राज्यों तक में सर्दी अचानक से बढ़ गई है। पहाड़ों पर एक तरफ जमकर बर्फबारी देखने को मिल रही है, वहीं 23 जनवरी को उत्तर भारत में हुई हल्की बारिश ने गलन बढ़ा दी है। सुबह-सुबह तेज हवाएं चल रही हैं, लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम सुधार की ओर बढ़ रहा है।
मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि 23 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ और निम्न दाब क्षेत्र की वजह से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में खूब बारिश और बर्फबारी हुई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। कुछ जगहों पर ज्यादा बर्फबारी हुई है। मनाली और कु्ल्लू में सड़कें बर्फ से पटी नजर आईं।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी हल्की से मध्यम छिटपुट वर्षा, ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बिजली शुक्रवार को खूब चमकी, शनिवार को मौसम साफ होने की उम्मीद है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी अब छिटपुट और हल्की से मध्यम स्तर तक सीमित रह सकती है।
शिमला में खूब बर्फबारी हो रही है। Photo Credit: PTI
कहां कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी बारिश न के बराबर हो सकती है, मौसम साफ रह सकता है, आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिसमें दिल्ली भी शामिल है। इससे ठंड बढ़ सकती है, हालांकि अभी शीत लहर जैसी स्थिति नहीं है।
25 जनवरी तक मौसम में ठंड बढ़ेगी, कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। एक और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ 26 से 28 जनवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इससे 27 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में फिर से कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश हो सकती है। 24 जनवरी से मौसम राहत देने वाला हो रहा है, लेकिन ठंड और कोहरे से सावधानी बरतें। यात्रा करने वाले भरपूर कपड़े पहनकर निकलें।