गर्मी का मौसम शुरु हो गया है और मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में तो लू का अलर्ट भी जारी कर दिया है। जनवरी की ठंड के बाद फरवरी में मौसम सामान्य रहा लेकिन अब मार्च लगातार गर्म होता जा रहा है और लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिल्ली समेत तमाम उत्तर भारत के राज्यों में मार्च के महीने में ही अप्रैल वाली गर्मी महसूस हो रही है। पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और बारिश के साथ-साथ कुछ स्थानों पर बर्फबारी होने की भी संभावना है।
दिल्ली एनसीआर की बात करें तो दिल्ली में ठंड की विदाई लगभग हो चुकी है। हर दिन गर्मी बढ़ती जा रही है। गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि अभी से ही लोगों को पंखे, कूलर और एसी का सहारा लेने की जरूरत पड़ गई है। अब तक रात के समय और सुबह मौसम थोड़ा ठंडा रहता था लेकिन अब रात के समय भी गर्मी पड़ने लगी है।
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में तो गर्मी दिल्ली से भी ज्यादा है। यूपी में लोग गर्मी से बेहाल हैं। आज उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है। इससे गर्मी काफी हद तक बढ़ जाएगी।
बिहार में भी गर्मी का मौसम शुरु हो गया है और आज मौसम बिल्कुल साफ रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आज बिहार के ज्यादातर हिस्से में आसमान साफ रहने वाला है लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, इस दौरान 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान भी है।
हिमाचल उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम
हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आज भी एक्टिव रहेगा। इससे उत्तराखंड, हिमाचल और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ की चोटियों से लेकर लाहौल-स्पीति, रोहतांग दर्रा और चंद्रभागा की पहाड़ियों तक भारी बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है। इसके साथ ही हिमाचल के निचले हिस्सों में तापमान बढ़ गया था उससे भी लोगों को अब हल्की राहत मिलेगी।
आज जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और बर्फबारी के साथ-साथ कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुजरातस, महाराषट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। वहीं, राजस्थान में भी लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने आज राजस्थान में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी लू चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
लू से बचने के तरीके
कड़ी धूप में बाहर ना निकलें।
घर से निकलते समय छाता, सन ग्लासेस जरूर लगाएं।
जितनी बार हो पानी पिएं, प्यास ना लगे तब भी थोड़ी थोड़ी देर पर पानी पीते रहें।