केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भगीरथ बुरी तरह यौन उत्पीड़न से जुड़े एक केस में फंसते नजर आ रहे हैं। भगीरथ के खिलाफ शुक्रवार रात को 17 वर्षीय लड़की से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में केस दर्ज किया गया है। भगीरथ के खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल अफेंसेज एक्ट (पॉक्सो) के तहत केस दर्ज किया गया है।
लड़की की मां ने पेट बशीराबाद पुलिस में शिकायत दी है कि भगीरथ पिछले छह महीने से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। हैदराबाद के एक फार्महाउस पर उसने लड़की के साथ बदतमीजी की। लड़की और भगीरथ की मुलाकात हैदराबाद में कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी।
यह भी पढ़ें: 'शराब पिलाई, दो बार यौन उत्पीड़न किया', केंद्रीय मंत्री के बेटे पर संगीन आरोप
साई भगीरथ पर क्या आरोप हैं?
भगीरथ ने शादी का झांसा देकर लड़की के साथ यौन संबंध बनाए। दूसरी तरफ भगीरथ ने करीमनगर II टाउन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने कहा कि लड़की के परिवार ने उसे फंसाने की कोशिश की। उन्होंने उससे शादी करने को कहा, लेकिन जब वह मना कर दिया तो 5 करोड़ रुपये की मांग की।
भगीरथ का आरोप है कि डर के मारे उसने लड़की के पिता को 50 हजार रुपये दिए, लेकिन वे और पैसे मांगते रहे। उन्होंने झूठा केस करने और आत्महत्या की धमकी भी दी। पुलिस ने दोनों तरफ केस दर्ज कर लिए हैं। लड़की का बयान दर्ज किया जाएगा और उसका मेडिकल टेस्ट भी हो सकता है। मामले की जांच चल रही है।
किन धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ?
बशीराबाद पुलिस ने बगीरथ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 11 के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस प्रकरण से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।
भगीरथ ने क्या सफाई दी है?
शुक्रवार को भगीरथ ने करीमनगर II टाउन पुलिस से कहा कि वह लड़की से कई महीने पहले मिला था। लड़की के परिवार वाले उसे दोस्त मानकर घर के कार्यक्रमों और तीर्थ यात्राओं पर साथ ले जाते थे।
यह भी पढ़ें: 'संगम के नाम पर शराब बेच रहे हैं', प्रयागराज में दारू के नाम पर भड़के संत
भगीरथ ने कहा, 'मैं उन्हें भरोसेमंद समझता था, इसलिए उनके साथ तीर्थ स्थानों पर गया। बाद में लड़की के माता-पिता ने मुझे धमकी दी कि उससे शादी कर लो। मैंने मना कर दिया। फिर लड़की और उसके माता-पिता ने मुझसे पैसे मांगे। उन्होंने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो मेरे खिलाफ झूठा केस कर देंगे। मुझे धमकाया गया कि यह शिकायत दी जाएगी कि मैंने लड़की के साथ उत्पीड़न किया है और शारीरिक संबंध बनाए हैं। डर के मारे मैंने लड़की के पिता को 50,000 रुपये दे दिए। लेकिन अब वे 5 करोड़ रुपये मांग रहे हैं। उन्होंने धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो लड़की आत्महत्या कर लेगी।'
पुलिस ने क्या किया है?
भगीरथ की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार शाम को लड़की और उसके माता-पिता के खिलाफ बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने कहा कि लड़की का बयान दर्ज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उसकी मेडिकल जांच भी कराएंगे।