तेलंगाना में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे साई भगीरथ के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने केंद्रीय मंत्री के बेटे पर शराब पिलाकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। हैदराबाद के पेट बशीरबाद पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 75 के अलावा पॉक्सो एक्ट की धारा 11/12 के तहत केस दर्ज किया गया है।
एक दिन पहले ही भगीरथ ने करीमनगर के टाउन-1 थाने में एक शिकायत दर्ज करवाई। इसमें नाबालिग लड़की के माता-पिता पर ब्लैकमेल और परेशान करने का आरोप लगाया था। भगीरथ का कहना है कि वह एक कॉमन दोस्त के माध्यम से लड़की के संपर्क में आए थे। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश, विजयवाड़ा और तिरुमाला मंदिरों समेत कई यात्रा भी हुई।
यह भी पढ़ें: TMC से आए शुभेंदु तो CM बन गए, BJP के पुराने नेताओं का क्या हुआ?
मंत्री के बेटे ने लगाया झूठे केस में फंसाने का आरोप
केंद्रीय मंत्री के बेटे का आरोप है कि लड़की के माता-पिता ने शादी करने का दबाव बनाया। मना करने पर परिवार ने झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। बाद में लड़की के परिजनों ने पैसे की मांग की। डरकर लड़की के पिता को 50 हजार रुपये भी दिए। मगर बाद में यह मांग बढ़कर 5 करोड़ रुपये हो गई। परिवार ने कहा कि अगर धनराशि नहीं मिली तो लड़की की मांग आत्महत्या कर लेगी।
'फार्महाउस में यौन उत्पीड़न हुआ'
केंद्रीय मंत्री के बेटे की शिकायत के बाद लड़की का परिवार हैदराबाद के पेट बशीरबाद थाने पहुंचा। यहां बंदी साई भगीरथ के खिलाफ यौन उत्पीड़न के तहत केस दर्ज कराया। अब हैदराबाद पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।
साउथ फर्स्ट की रिपोर्ट के मुताबिक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का आरोप है कि 31 दिसंबर को मोइनाबाद स्थित फार्महाउस में बंदी भगीरथ ने शराब पिलाकर उसका दो बार यौन उत्पीड़न किया। 10वीं की पढ़ाई छोड़ चुकी छात्रा ने बताया कि बाद में परिवार ने पुलिस से संपर्क करके मामला दर्ज कराया।
यह भी पढ़ें: दिलीप घोष से अग्निमित्रा पॉल तक, CM शुभेंदु की कैबिनेट में शामिल मंत्री कौन हैं?
पहले भी विवादों से रहा नाता
हालांकि यह कोई पहली बार नहीं जब संजय कुमार के बेटे का नाम विवादों में आया है। इससे पहले 2023 में एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें बंदी संजय कुमार के बेटे ने महिंद्रा यूनिवर्सिटी के छात्र पर अपने अन्य दोस्तों के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों की बारिश की थी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज की थी।