उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले एक और गठबंधन हो गया है। असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गुरुवार को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का औपचारिक एलान करते हुए कहा कि 2027 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव दोनों दल मिलकर लड़ेंगे। इस मोर्चे ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना से लोकसभा के सांसद चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। 2022 में चंद्रशेखर आजाद ने
योगी आदित्यनाथ
के खिलाफ गोरखपुर सदर सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ा था और सिर्फ 5764 वोट पाकर चौथे नंबर पर रहे थे।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ में संयुक्त रूप से एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह मोर्चा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगा और इसका उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दोबारा सत्ता में आने से रोकने के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक बदलाव लाना है। बता दें कि इन दोनों दलों के गठबंधन ने 2025 में बिहार में भी साथ चुनाव लड़ा था और AIMIM को पांच सीटों पर जीत मिली थी।
यह भी पढ़ें: 'मेरी मां को अपनी बात कहने का हक', BJP के सवालों पर प्रियंका गांधी ने दिया जवाब
BJP को सत्ता में आने से रोकने का है लक्ष्य
इस मौके पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि चंद्रशेखर आजाद इस मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।' उन्होंने कहा कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में BJP को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने कहा कि मोर्चे की प्राथमिकताओं में शिक्षा, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। आजाद ने कहा कि उनका मोर्चा कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का पहला मोर्चा है जो कमजोर, वंचित, शोषित और पीड़ित वर्गों के जुड़ने से और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यह मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि BJP को रोकने के लिए अगर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इस गठबंधन में शामिल होना चाहेंगी तो मोर्चा उनका साथ देने को तैयार है। उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दल लंबे समय से वंचित समाज को मुख्यधारा में लाने, गरीबी दूर करने और अत्याचार खत्म करने के वादे करते रहे हैं लेकिन ये वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती रहीं और घोषणाएं होती रहीं लेकिन बहुजन समाज आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा, ‘दलित बस्तियों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। पढ़े-लिखे युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, जबकि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को मुकदमों और सरकारी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।’ असदुद्दीन ओवैसी ने 26 नवंबर को प्रस्तावित जनसभा में प्रदेश की जनता से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी की।
यह भी पढ़ें: गठबंधन करके फिसड्डी ही रहे हैं ओवैसी, UP में नए एलान से पहले देखिए ट्रैक रिकॉर्ड
सपा और कांग्रेस ने क्या कहा?
समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने इस नए गठबंधन की आलोचना करते हुए आरोप लगाए कि इससे बीजेपी को फायदा होगा। सपा के प्रदेश प्रवक्ता फखरूल हसन ने कहा कि ओवैसी अपनी हर सभा में कहते थे कि अब्दुल (मुस्लिम) अब दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि मुख्यमंत्री भी बनेगा लेकिन अब उन्होंने अपने गठबंधन के सहयोगी चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। हसन ने कहा, ‘आखिर ओवैसी ने गठबंधन में किसी अब्दुल या हिजाब पहनने वाली मुस्लिम महिला को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार क्यों नहीं बनाया? दरअसल, ओवैसी की कथनी और करनी में अंतर है।’ सपा प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि हर चुनाव में कुछ ऐसे दल भी आते हैं, जो ‘टूरिस्ट टाइप’ होते हैं और अपना काम करके चले जाते हैं।
AIMIM छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए आसिम वकार ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया, ‘बीजेपी डरी हुई है लेकिन उसके पास ऐसे कई नेता हैं, जो जरूरत पड़ने पर उसके इशारे पर मैदान में उतरते हैं और पर्दे के पीछे से उसके लिए काम करते हैं।’ आसिम वकार ने उत्तर प्रदेश के लोगों, खासकर मुस्लिम समुदाय से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा, 'कहीं ऐसा न हो कि इस बार भी आप BJP के छलावे में आ जाएं और अनजाने में उसे फिर से सत्ता में पहुंचा दें। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि इस गठबंधन की पूरी लगाम पर्दे के पीछे अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) के हाथों में है। अमित शाह जैसे लगाम खींचेंगे, गठबंधन वैसे ही काम करेगा।’
यह भी पढ़ें: 'तख्त बदल दो, ताज बदल दो', BJP नेता ने अपनी सरकार के खिलाफ लगवाए नारे?
बता दें कि यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को विपक्षी गठबंधन में AIMIM को शामिल करने का प्रस्ताव दिया था लेकिन दोनों दलों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली थी। ओवैसी ने इस संबंध में फैसला लेने के लिए दोनों दलों को 2 अक्टूबर तक का समय दिया था।अब AIMIM और आजाद समाज पार्टी के साथ आने को प्रदेश में एक नए राजनीतिक मोर्चे के गठन के रूप में देखा जा रहा है। इस मोर्चे की नजर मुख्य रूप से दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर है।