गठबंधन करके फिसड्डी ही रहे हैं ओवैसी, UP में नए एलान से पहले देखिए ट्रैक रिकॉर्ड
असदुद्दीन ओवैसी एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में नया गठबंधन बनाने की फिराक में हैं। इस बार वह फिर से चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से गठबंधन कर सकते हैं।

UP में साथ आ सकते हैं ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद, Photo Credit: ChatGPT
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। एक तरफ सत्ताधारी नेशनल डेमोक्रैडिक अलायंस (NDA) है तो उसके सामने विपक्षी INDIA गठबंधन। समाजवादी पार्टी (सपा) से गठबंधन की कोशिश करने के बाद असदुद्दीन ओवैसी एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में तीसरा मोर्चा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। 2022 में वह उत्तर प्रदेश में ऐसी एक कोशिश कर चुके हैं लेकिन तब उनके साथ दिख रहे ओम प्रकाश राजभर अचानक समाजवादी पार्टी के साथ चले गए थे। उत्तर प्रदेश के अलावा कई अन्य राज्यों में ऐसी ही कोशिशें कर चुके असदुद्दीन ओवैसी के हाथ हर बार नाकामयाबी ही मिली है। जहां कहीं थोड़ी बहुत सफलता मिली थी तो वह बहुत ज्यादा दिन नहीं चली। ऐसी ही बातें उत्तर प्रदेश में ओवैसी की पार्टी के नेता रहे आसिम वकार ने उस वक्त कही थी जब वह कांग्रेस में शामिल हुए थे।
असदुद्दीन ओवैसी इस बार उत्तर प्रदेश में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ गठबंधन करने की ताक में हैं। कहा जा रहा है कि बातचीत के जरिए सहमति बन गई है और 12 नवंबर यानी गुरुवार को इसका औपचारिक एलान भी किया जा सकता है। इस तरह इस गठबंधन की कोशिश दलित और मुस्लिम वोटरों को रिझाने की भी है। ऐसे में यह देखना अहम है कि अभी तक ओवेसी के साथ अलग-अलग राज्यों में हुए गठबंधनों का क्या हश्र हुआ है?
2022 में चुनाव से पहले ही बिखर गया था गठबंधन
उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी ओवैसी ने ऐसी ही कोशिश की थी। तब उनके साथ चंद्रशेखर आजाद और ओम प्रकाश राजभर दिखते थे। 2021 में बना भागीदारी संकल्प मोर्चा इन तीनों नेताओं के दलों के अलावा कई अन्य छोटे दलों को साथ ला रहा था। माना जा रहा था कि यह गठबंधन एक मजबूत तीसरा मोर्चा बना सकता है। हालांकि, यह गठबंधन उस वक्त बिखर गया जब ओम प्रकाश राजभर की पार्टी SBSP का गठबंधन समाजवादी पार्टी से हो गया था।
यह भी पढ़ें: 'UP में मुस्लिम मतदाता बढ़े, अखिलेश SIR वापस लेने की मांग नहीं करेंगे'- CM योगी
आखिर में ओवैसी ने बाबू सिंह कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी और वामन मेश्राम की भारतीय मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा। इस गठबंधन को उस चुनाव में एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। तब AIMIM ने कुल 95 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और सभी 95 सीटों पर उसकी जमानत जब्त हुई थी। उसे पूरे प्रदेश में कुल 0.49 प्रतिशत वोट मिले थे। जन अधिकार पार्टी ने कुल 137 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और उसके भी सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई थी। बता दें कि इसी जन अधिकारी पार्टी के मुखिया बाबू सिंह कुशवाहा अब सपा के टिकट पर लोकसभा के सांसद हैं।
उस चुनाव में चंद्रशेखर आजाद की ASP (KR) ने कुल 110 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और उसे सिर्फ 0.13 प्रतिशत वोट मिले थे। उसके भी सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
यह भी पढ़ें: चुनावी मोड में पूर्व CM मायावती, 6 दिसंबर को लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन
2024 में भी यूपी में बनाया था गठबंधन
2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने उत्तर प्रदेश में अपना दल (कमेरावादी), प्रगतिशील मानव समाज पार्टी और राष्ट्रीय उदय पार्टी को साथ लेकर पिछड़ा, दलित, मुस्लिम न्याय मोर्चा बनाया था। हालांकि, इस गठबंधन को कोई भी कामयाबी नहीं मिली।
अन्य राज्यों में कैसा रहा है ओवैसी के गठबंधन का इतिहास?
बीते कुछ साल में असदुद्दीन ओवैसी उत्तर प्रदेश के अलावा तेलंगाना, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग गठबंधनों के तहत चुनाव में उतर चुके हैं। हालांकि, अभी तक वह कहीं पर भी चुनाव जीतने या मुख्य विपक्ष की स्थिति में पहुंचने में कामयाब नहीं हैं। इनमें से कोई भी गठबंधन चुनाव के बाद टिका भी नहीं है। कई गठबंधन चुनाव से पहले भी टूटे हैं। उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में तो AIMIM का अभी तक खाता भी नहीं खुल पाया है।
2019 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: तब ओवैसी ने प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) से गठबंधन किया था। हालांकि, सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई और यह गठबंधन चुनाव से पहले ही टूट गया।
2020 बिहार विधानसभा चुनाव: साल 2020 के बिहार चुनाव में ओवैसी ने मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) के साथ ग्रैंड डेमोक्रैटिक सेक्युलर अलायंस बनाया था। AIMIM को इस चुनाव में 5 सीटें मिली थीं।
यह भी पढ़ें: 'कन्नड़ में 'उत्सव' या 'हब्बा' कहते हैं, फिर 'ईद'..', BJP ने खरगे से पूछा सवाल
2021 गुजरात विधानसभा चुनाव: साल 2021 के गुजरात विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवेसी ने छोटू भाई वसावा की भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) के साथ गठबंधन किया था। हालांकि, यह गठबंधन कोई छाप नहीं छोड़ पाया।
2021 तमिलनाडु चुनाव: ओवैसी ने टीटीवी दिनाकरन की पार्टी AMMK से गठबंधन किया था। उसे कहीं पर भी जीत नहीं मिली। 2024 में AIMIM ने AIADMK का समर्थन दिया। 2026 में ओवैसी ने एम के स्टालिन की DMK के गठबंधन को वोट देने की अपील की।
2024 महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव: ओवैसी ने उस साल विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ा लेकिन 2024 में अकोला लोकसभा सीट पर प्रकाश आंबेडकर को समर्थन दे दिया।
2025 बिहार विधानसभा चुनाव: ओवैसी ने एकबार फिर से राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन की कोशिश की। बात नहीं बनी तो इस बार स्वामी प्रसाद मौर्य की अपनी जनता पार्टी और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के साथ ग्रेड डेमोक्रैटिक अलायंस बनाया। इस बार भी ओवैसी की पार्टी को 5 सीटें मिलीं। हालांकि, वह ना तो सत्ता पक्ष का हिस्सा हैं और ना ही विपक्षी गठबंधन में शामिल हैं।
2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: बंगाल चुनाव में हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के साथ गठबंधन किया था। हालांकि, चुनाव से पहले हुमायूं कबीर का एक वीडियो वायरल हो जाने के बाद यह गठबंधन भी टूट गया।
2026 असम विधानसभा चुनाव: हाल ही में असम में हुए चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी ने बदरुद्दीन अजमल की AIUDF से हाथ मिलाया था लेकिन इस गठबंधन को भी कोई खास कामयाबी नहीं मिली।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




