logo

मूड

ट्रेंडिंग:

17 दिनों तक जनता से संवाद, चुनाव से पहले BJP ने यूपी में चला बड़ा दांव

भारतीय जनता पार्टी ने इस अभियान का नारा “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” रखा है। यह अभियान 5 जून से 21 जून तक पूरे देश के साथ उत्तर प्रदेश में भी व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (Photo Credit: PTI)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

आगामी विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी संगठन से लेकर जातीय समीकरणों को साधने में जुट गई है। इसी क्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर एक महाअभियान चलाने जा रही है। पार्टी इस अभियान के माध्यम से जहां केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी, वहीं गांव-गांव जाकर लोगों से सीधा संवाद भी करेगी। राजनीतिक जानकार इसे आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले जनता की नब्ज टटोलने की तैयारी के रूप में भी देख रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: UP के साथ उत्तराखंड पर भी है BSP का फोकस, किस फॉर्मूले पर चलेंगी मायावती?

'12 साल विश्वास, विकास और जनकल्याण के'

भारतीय जनता पार्टी ने इस अभियान का नारा “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” रखा है। यह अभियान 5 जून से 21 जून तक पूरे देश के साथ उत्तर प्रदेश में भी व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रत्येक मंडल में पौधारोपण कार्यक्रम के साथ होगी। इसके बाद सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर प्रवास करेंगे और आम जनता से संवाद स्थापित करेंगे।

 

यह भी पढ़ें: यूपी सरकार ने प्रधानों को प्रशासक बनाने का फैसला किया? BJP का प्लान समझिए

स्वच्छता अभियान से जनसंपर्क तक रहेगा फोकस

इस महाअभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा और विशेष जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। पार्टी ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरे प्रदेश के जिलों में संगठन के प्रभारी भी नियुक्त किए हैं। भाजपा का फोकस खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों और लाभार्थियों तक पहुंच बनाने पर रहेगा।

17 दिन तक जनता से होगा सीधा संवाद

17 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में भाजपा जनता से सीधा संवाद करेगी। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाने के साथ-साथ गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। लाभार्थियों से बातचीत की जाएगी और उन लोगों को चिन्हित किया जाएगा, जो अब तक सरकारी योजनाओं का लाभ पाने से वंचित हैं।

 

ऐसे पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही गांवों में जातीय समीकरणों की समीक्षा भी की जाएगी, ताकि आगामी चुनावी रणनीति को मजबूत बनाया जा सके।

 

यह भी पढ़ें: संविधान और आरक्षण बने हथियार, किताब बांटकर लोगों को बताएगी सपा, क्या है मामला?

भाजपा ने बनाया पिछड़ा, दलित और अगड़ा पीडीए

समाजवादी पार्टी के पीडीए फार्मूले की काट के लिए भाजपा ने भी अपना “पिछड़ा, दलित, अगड़ा” पीडीए तैयार किया है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सभी वर्गों के मतदाताओं को जोड़ने का काम करेंगे। भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

16 जून को होगा विकसित भारत सम्मेलन

भाजपा 16 जून को पूरे प्रदेश में “विकसित भारत सम्मेलन” का आयोजन करेगी। इस सम्मेलन में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, उद्योगपति, युवा उद्यमी और समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन के मुख्य वक्ताओं का चयन प्रदेश नेतृत्व द्वारा किया जाएगा।

प्राकृतिक खेती कार्यशाला और योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम

17 जून से 20 जून तक जिला एवं मंडल स्तर पर सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का आयोजन होगा, जिसमें प्रतिभाशाली किसानों को सम्मानित किया जाएगा। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक मंडल और जिला स्तर पर योग कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा।

पांच जिलों में बनाए गए नए जिला अध्यक्ष

इसी बीच भाजपा संगठन ने पांच जिलों में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति भी की है। वाराणसी में राम सकल पटेल, गोरखपुर महानगर में रमेश प्रताप गुप्ता, अंबेडकर नगर में दिलीप देव पटेल, चंदौली में काशीनाथ सिंह और देवरिया में काली प्रसाद को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी का मानना है कि ये सभी नेता लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ रखते हैं।

चुनाव से पहले जनता का मूड जानने का प्रयास

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह महाअभियान केवल उपलब्धियां गिनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनता का रुझान जानने, संगठन को मजबूत करने और सामाजिक समीकरणों को अपने पक्ष में साधने की कोशिश भी कर रही है।

Related Topic:#UP News#BJP

और पढ़ें