राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा सांसदों की बगावत के एक दिन बाद ही बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल को घेरने की कोशिश की। लोधी एस्टेट में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को आवंटित बंगले को बीजेपी ने शीशमहल-2 बताकर निशाना साधा। बीजेपी ने आरोप लगाया कि बंगले में निजी पैसा खर्च किया गया है, ताकि यहां सुख-सुविधा की व्यवस्था की जा सके। हालांकि आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के दावों का खंडन किया। प्रवेश वर्मा की दिखाई तस्वीरों को फर्जी बताया।
दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने शनिवार को बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, 'आम आदमी पार्टी को 'शानदार आदमी पार्टी' कहा जाना चाहिए। क्या केजरीवाल हमें बताएंगे कि लोधी रोड वाले बंगले या नए 'शीश महल' में कितना पैसा लगाया गया है? यह पैसा कहां से आया और यह किसका पैसा है।'
यह भी पढ़ें: कांग्रेस-अकाली के बाद अब 'AAP मय' पंजाब BJP, 2027 से पहले लगातार बढ़ रहा कुनबा
बीजेपी ने पूछा- किस कंपनी का पैसा लगा?
प्रवेश साहिब वर्मा ने आगे कहा, 'क्या यह सच नहीं है कि आपकी आम आदमी पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता आपके लालच की वजह से पार्टी छोड़ रहे हैं? बार-बार इस तरह के 'शीश महल' बनाने की क्या जरूरत है? इस 'शीश महल' में किस कंपनी ने अपना पैसा लगाया है।'
अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा, 'जब दिल्ली के जागरूक मतदाताओं ने उन्हें 'शीश महल' से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया तो वे पंजाब चले गए, जहां उन्होंने एक बंगला हथिया लिया। अब उन्होंने लोधी एस्टेट में 'शीश महल 2' तैयार कर लिया है।'
प्रवेश वर्मा का ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल का नया आवास 95, लोधी एस्टेट में है। जहां वे अब रहने चले गए हैं। इस आवास में 5 बेडरूम और 4 ड्राइंग रूम हैं। इसमें लुटियंस दिल्ली के किसी भी अन्य बंगले की तुलना में अधिक बेहतरीन सुख-सुविधाएं मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: 'राष्ट्रीय सरेंडर संघ', BJP नेता ने दिया विवादित बयान, राहुल गांधी ने बोला हमला
'कितना पैसा खर्च हुआ'
बता दें कि केंद्र सरकार ने आप संयोजक के नाते अरविंद केजरीवाल को लोधी एस्टेट में टाइप VII बंगला आवंटित किया है। बंगले की तस्वीर दिखाते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग बंगलों पर इतना पैसा खर्च नहीं करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें बेहतरीन दर्जे की सुख-सुविधाएं जुटाने के लिए निजी पैसे का खर्च किया गया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी से बंगले में हुए खर्च और धन के स्रोत्र की जानकारी मांगी।
आतिशी बोलीं- सभी तस्वीरें फर्जी हैं
दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने कहा, 'प्रवेश वर्मा द्वारा जारी की गई सभी तस्वीरें फर्जी हैं। ये केजरीवाल के घर की तस्वीरें नहीं हैं। यह जानने के लिए कि किसका घर कितना आलीशान है, (मुख्यमंत्री) रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल साहब को अपने-अपने घर खोलने चाहिए और केजरीवाल जी अपना घर खोलेंगे। जनता खुद ही फैसला कर लेगी।'