कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पॉडकास्ट इंटरव्यू को 'पाखंड' बताया है। पीएम मोदी ने अमेरिकी पॉडकास्टर लेक्स फ्रीडमैन को 3 घंटे 17 मिनट का इंटरव्यू दिया था। इस इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कई मुद्दों पर बात की थी। अब कांग्रेस ने इस पर कटाक्ष किया है।
कांग्रेस ने कहा कि पीएम मोदी ने कभी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की लेकिन एक अमेरिकी पॉडकास्टर के सामने बैठने में वह कंफर्ट महसूस करते हैं।
यह भी पढ़ें-- पाकिस्तान ने शांति का जवाब शत्रुता से दिया, पॉडकास्ट में बोले PM मोदी
क्या बोली कांग्रेस?
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर तंज कसा है। उन्होंने 'आलोचना को लोकतंत्र की आत्मा' बताने पर पीएम मोदी पर निशाना साधा है।
जयराम रमेश ने X पर लिखा, 'जो व्यक्ति प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया का सामना करने से डरता है, वह एक विदेशी पॉडकास्टर के सामने खुद को सहज महसूस करता है और वह यह कहने की हिम्मत रखते हैं कि आलोचना लोकतंत्र की आत्मा है।'
उन्होंने आगे लिखा, 'उन्होंने व्यवस्थित रूप से हर उस संस्थान को खत्म कर दिया जो उनकी सरकार को जवाबदेह ठहराता है और बदले की भावना से आलोचकों के पीछे ऐसे पड़ जाते हैं, जिसकी हाल के इतिहास में कोई मिसाल नहीं। पाखंड की कोई सीमा नहीं है।'
यह भी पढ़ें-- पीएम मोदी का पहला इंटरनेशनल पॉडकास्ट करने वाले लेक्स फ्रिडमैन कौन?
क्या बोले थे पीएम मोदी?
अमेरिकी पॉडकास्टर लेक्स फ्रीडमैन को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने 'आलोचना को लोकतंत्र की आत्मा' बताया था। उन्होंने कहा था, 'मेरा दृढ़ विश्वास है कि आलोचना लोकतंत्र की आत्मा है। अगर लोकतंत्र वास्तव में आपकी रगों में बहता है, तो आपको इसे अपनाना चाहिए।'
उन्होंने आगे कहा था, 'हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि अपने आलोचकों को हमेशा अपने करीब रखें। आलोचकों को आपका सबसे करीबी साथी होना चाहिए, क्योंकि सच्ची आलोचना के माध्यम से आप जल्दी सुधार कर सकते हैं और बेहतर अंतर्दृष्टि के साथ लोकतांत्रिक तरीके से काम कर सकते हैं। वास्तव में, मेरा मानना है कि हमें अधिक आलोचना करनी चाहिए और यह तीखी और वेल इनफॉर्म्ड होनी चाहिए।'