इलाहाबाद हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद सपा नेता आजम खान गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद रामपुर पहुंच चुके हैं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विपक्ष के इंडिया ब्लॉक के प्रति नाराजगी जताई। आजम खान ने दावा किया कि जब पहली बार रामपुर में धांधली हुई तो उस वक्त इसे इंडिया ब्लॉक ने गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि अगर इसे संजीदगी से लिया जाता तो संभल, कुंदरकी, बंगाल और हरियाणा में ऐसे नतीजे नहीं आते।
रामपुर में पत्रकारों ने जब प्रवर्तन निदेशालय से जुड़ा सवाल पूछा तो आजम खान ने कहा, 'मैंने कल भी यही मशवरा दिया था कि जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं उन्हें अपनी लाज रखनी चाहिए। ईडी, सीबीआई और आईटी की साख बहुत खराब हो गई है। ऐसी एजेंसियों को अपनी भी लाज रखनी चाहिए और उनकी वजह से, क्योंकि देश की दुनियाभर में बहुत बदनामी हो रही है।
यह भी पढ़ें: 'दुर्जनों को आखिर में याद आते हैं राम', अखिलेश की अयोध्या यात्रा पर बोले योगी
निष्पक्ष नहीं, लूटमार का चुनाव: आजम खान
आजम खान ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। दावा किया कि पहली बार रामपुर से धांधली की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा, 'इलेक्शन कमीशन की वजह से तो पूरी दुनिया ने यह भरोसा ही कर लिया कि यहां चुनाव निष्पक्ष हुआ ही नहीं। लूटमार का चुनाव है। सबसे भुक्तभोगी हम है।'
'इंडिया ब्लॉक ने संजीदगी से नहीं लिया'
आजम खान ने विपक्षी इंडिया ब्लॉक के प्रति अपनी शिकायत का इजहार किया। उन्होंने कहा, 'हमें इंडिया ब्लॉक से इस बात की शिकायत है कि अगर इंडिया ब्लॉक ने रामपुर में जब पहली बार लूट हुई थी। तमंचे ले-लेकर दरोगाओं ने दौड़ाया था। घरों के बाहर कुंडे लगा दिए गए थे। गलियों पर पुलिस और पीएसी लगा दी गई थी। वोट डालने नहीं दिया गया था। अगर इंडिया ब्लॉक ने उसे संजीदगी से ले लिया होता तो न कुंदरकी, न संभल, न हरियाणा और न ही बंगाल में ये नतीजे आते। उन लोगों ने उसे इतनी संजीदगी से नहीं लिया।'
आजम खान ने यह भी बताया कि इंडिया ब्लॉक ने रामपुर चुनाव में हुई कथित धांधली को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने इसके पीछे अपने ऊपर दर्ज हेट स्पीच मामले की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, 'इसकी शायद वजह यह थी कि मेरे ऊपर तो मुकदमे बहुत चले, लेकिन एक मुकदमे का जिक्र करूंगा, जिसमें हेटस्पीच में मेरी सदस्यता गई।'
यह भी पढ़ें: BMC को झटका, दाऊद से जुड़ी इमारत को गिराने पर हाई कोर्ट की रोक
'RDA के खिलाफ मुकदमा वापस लूंगा'
पत्रकारों से बातचीत में सपा नेता आजम खान ने कहा कि वह रामपुर विकास प्राधिकरण के खिलाफ अपना मुकदमा वापस लेंगे। उन्होंने प्राधिकारण को अपने विश्वविद्यालय की इमारत गिराने की आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा, 'मेरा अभी का इरादा है कि मैं रामपुर विकास प्राधिकरण के खिलाफ चल रहे इस मुकदमे को वापस ले लूं। मैं इसे वापस लेने की योजना बना रहा हूं और एक घोषणा करना चाहता हूं, 'बुलडोजर लाओ और विश्वविद्यालय की एक-एक इमारत को ढहा दो। दुनिया को देखने दो कि जब कोई मुसलमान शिक्षा के मंदिरों का निर्माण करता है तो उन्हें किस तरह से ध्वस्त कर दिया जाता है।'