तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कुछ ऐसा कहा है, जिसे लेकर पश्चिम बंगाल में हंगामा बरपा है। उन्होंने कहा है कि अगर, ज्ञानेश कुमार चुनाव आयुक्त न होते तो वह उनकी उंगली काट चुके होते। कल्याण बनर्जी का आरोप है कि चुनाव आयुक्त ने मुख्यमंत्री बनर्जी के साथ बुरा व्यवहार किया है।
कल्याण बनर्जी, शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। वहीं उन्होंने यह आपत्तिजनक बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि चुनाव आयोग और बीजेपी मिलकर, पश्चिम बंगाल के वोटरों का अधिकार छीन रहे हैं।
यह भी पढ़ें: गाड़ी के बदले गडकरी ने TMC सांसद से बंगाल में मांगा समर्थन, वायरल हो गई बातचीत
कल्याण बनर्जी, सांसद, TMC
चुनाव आयुक्त ने उनके साथ बहुत बुरा बर्ताव किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर उंगली उठाने की हिम्मत की। अगर वह मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं होते, तो मैं उस दिन उनकी उंगली काट देता।
SIR के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है TMC
पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस इलेक्शन कमीशन की ओर से चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का विरोध कर रही है। टीएमसी का आरोप है कि वोटर लिस्ट से मनमाने ढंग से लोगों का नाम काटा जा रहा है। पार्टी इसी के खिलाफ सड़कों पर उतरी है।
यह भी पढ़ें: 'उनके जितना ड्रामा कौन जानता है' TMC नेता कल्याण बनर्जी ने SIR पर क्या कहा?
किस मामले की बात कर रहे हैं कल्याण बनर्जी?
फरवरी में ही ममता बनर्जी और ज्ञानेश कुमार के बीच कथित तौर पर बहस हुई थी। ममता बनर्जी, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन दर्ज कराने दिल्ली गई थीं। तब ममता बनर्जी और ज्ञानेश कुमार के बीच टकराव की खबरें सामने आईं थीं।
BJP ने क्या कहा है?
शहजाद पूनावाला, प्रवक्ता, BJP:-
कल्याण बनर्जी एक सीरियल ऑफेंडर हैं। भारत के वाइस प्रेसिडेंट, स्पीकर, जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी के अंदर कांच तोड़कर, उनकी बेइज्जती करने से लेकर, रोहिंग्या पर अपने फैसले के लिए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया तक, वह हमेशा संवैधानिक पदों और संविधान की बात करने वालों पर हमला करते रहते हैं।
कल्याण बनर्जी के बयान पर BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, 'TMC लगातार संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को धमकाती रहती है। उन्होंने BLOs से लेकर इलेक्शन कमिश्नर तक को ऐसी धमकियां दी हैं, चाहे वह फिरहाद हकीम हों, ममता बनर्जी हों, अभिषेक बनर्जी हों या कल्याण बनर्जी हों। उन्होंने ED टीम, CBI टीम, NIA टीम, पार्लियामेंट मेंबर और संदेशखली की महिलाओं पर हमला किया है।'