logo

मूड

ट्रेंडिंग:

ओवैसी के मंच पर चंद्रशेखर का जलवा! मुस्लिमों से ज्यादा उमड़े दलित युवा

UP विधानसभा चुनाव से पहले ओवैसी- चंद्रशेखर ने गुरुवार को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान दलित मुस्लिम राजनीति के नए समीकरण की नींव रखी। महारैली में मुस्लिम समाज से ज्यादा दलित समाज के युवाओं की मौजूदगी ज्यादा चर्चा में रही।

महारैली मेें मौजूद भीड़, Photo Credit: Social Media

महारैली मेें मौजूद भीड़, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान से दलित-मुस्लिम राजनीति का नया समीकरण बनाने की कोशिश की लेकिन इस महारैली में एक ऐसा नजारा दिखाई दिया जिसने पूरी सियासत का ध्यान खींच लिया। मुस्लिम समाज को एकजुट करने और सत्ता में हिस्सेदारी दिलाने का दावा करने वाले ओवैसी के साथ मंच साझा करने के बावजूद मैदान में मुस्लिमों की अपेक्षा दलित समर्थकों और युवाओं की मौजूदगी ज्यादा चर्चा में रही। रैली में नीले झंडों की भरमार, चंद्रशेखर के समर्थन में नारे और युवाओं का उत्साह बता रहा था कि आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष अपनी अलग राजनीतिक जमीन तैयार करने में जुटे हैं।

 

इस रैली में ओवैसी की आक्रामक भाषण शैली भी खूब चर्चा में रही लेकिन भीड़ के बीच सबसे ज्यादा आकर्षण चंद्रशेखर आजाद का दिखाई दिया। सवाल यह है कि क्या दलित समाज की नई पीढ़ी मायावती के पुराने राजनीतिक नेतृत्व से आगे बढ़कर चंद्रशेखर को अपना नया चेहरा मानने लगी है? क्या 2027 में यह नया गठबंधन अखिलेश यादव के पीडीए और मायावती की बीएसपी के सामने चुनौती बन सकता है?

 

26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित बहुजन स्वराज संकल्प महारैली में दोनों नेताओं ने पहली बार गठबंधन के बड़े मंच से अपनी ताकत दिखाई। मैदान में नीले और हरे झंडे नजर आए, लेकिन आयोजन का सबसे प्रभावशाली दृश्य आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी से जुड़े समर्थकों की मौजूदगी रही।रैली में मुस्लिम समाज के समर्थक भी पहुंचे, लेकिन उनकी संख्या दलित समर्थकों और युवाओं के मुकाबले कम दिखाई दी।

 

यह भी पढ़ें: 'दाढ़ी-मूंछ वालों का गठबंधन है ये...', UP में ओवैसी ने अखिलेश-योगी पर कसा तंज

 

 यह बात इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि ओवैसी की राजनीति का प्रमुख आधार मुस्लिम समाज रहा है। वहीं चंद्रशेखर का राजनीतिक आधार दलित, बहुजन और युवाओं के बीच तैयार हुआ है।इस रैली ने गठबंधन के भीतर दोनों नेताओं की राजनीतिक ताकत का अंतर भी सामने ला दिया। ओवैसी मुस्लिम मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि चंद्रशेखर के सामने दलित युवाओं को एक मजबूत राजनीतिक शक्ति में बदलने की संभावना दिखाई दे रही है।

 

आखिर चंद्रशेखर से क्यों प्रभावित हो रहा युवा वर्ग?

रैली में आगरा से आए धर्मराज की बात ने युवाओं के बीच चल रही राजनीतिक सोच को समझने का एक संकेत दिया। उन्होंने बेरोजगारी और पेपर लीक को सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि इन मुद्दों पर चंद्रशेखर सड़क पर लड़ाई लड़ते दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों से जो राजनीतिक चूक हुई, उसे नई पीढ़ी सुधारना चाहती है।युवाओं के इस आकर्षण के पीछे कई वजहें हैं।

 

चंद्रशेखर की पहचान आंदोलन करने वाले नेता की रही है। वह अपनी बात बेबाकी और आक्रामक अंदाज में रखते हैं। संसद में भी सरकार और व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर मुखर रहते हैं। युवाओं के एक वर्ग को उनमें ऐसा नेतृत्व दिखाई देता है, जो केवल चुनाव के समय नहीं बल्कि आंदोलन के दौरान भी उनके साथ खड़ा हो सकता है।बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी, शिक्षा, सामाजिक सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे मुद्दे इस युवा वर्ग को प्रभावित कर रहे हैं। यही वजह है कि चंद्रशेखर की रैली में युवाओं की मौजूदगी केवल राजनीतिक नारेबाजी तक सीमित नहीं दिखाई दी, बल्कि उसके पीछे नेतृत्व बदलने की आकांक्षा भी नजर आई।

 

यह भी पढ़ें: 2027 चुनाव से पहले BJP को झटका, विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद्द

मायावती से नाराज पुराने समर्थक भी चंद्रशेखर के साथ

इस रैली का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू बीएसपी के पुराने समर्थकों की नाराजगी रही। कानपुर से परिवार के साथ पहुंचीं 25 वर्षीय भावना गौतम ने चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री बनते देखने की इच्छा जाहिर की। उनका परिवार पहले बीएसपी का समर्थक रहा है, लेकिन अब उन्हें लगता है कि दलितों के मुद्दों पर सड़क पर उतरकर संघर्ष करने वाला नेतृत्व कमजोर पड़ गया है।इसी तरह करीब 20 वर्षों तक बीएसपी की समर्थक रहीं रूपा गौतम ने भी चंद्रशेखर के प्रति भरोसा जताया। उनका कहना था कि कांशीराम के बाद बीएसपी लगातार कमजोर होती चली गई और आज दलितों की लड़ाई लड़ने वाले नेता के रूप में चंद्रशेखर दिखाई देते हैं।ये व्यक्तिगत प्रतिक्रियाएं पूरे दलित समाज की राय नहीं हैं, लेकिन यह जरूर बताती हैं कि बीएसपी के पुराने समर्थकों के एक हिस्से में नए नेतृत्व की तलाश चल रही है।

ओवैसी ने अखिलेश को घेरा, मुस्लिमों को हिस्सेदारी का संदेश

ओवैसी ने अपने भाषण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी मुस्लिमों को केवल वोट बैंक समझती है और चुनाव में समर्थन लेने के बाद उन्हें पर्याप्त राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं देती।ओवैसी ने योगी सरकार की पुलिस मुठभेड़ों, बुलडोजर कार्रवाई और मस्जिदों-मदरसों से जुड़े मामलों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि इंसाफ संविधान और कानून के माध्यम से होना चाहिए, न कि बुलडोजर या पुलिस कार्रवाई से।उनका अंदाज पहले की तरह आक्रामक रहा। उन्होंने विपक्षी नेताओं को भाषण की चुनौती तक दे डाली। उनका पूरा संदेश मुस्लिम समाज को राजनीतिक रूप से केवल समर्थक बने रहने के बजाय सत्ता में भागीदार बनने के लिए प्रेरित करने पर केंद्रित था।लेकिन यहां एक बड़ा सवाल है कि जब मुस्लिम समाज को सत्ता में हिस्सेदारी का भरोसा दिलाया जा रहा है तो रैली में उसकी भागीदारी अपेक्षाकृत कम क्यों रही? यही सवाल इस गठबंधन की सबसे बड़ी राजनीतिक परीक्षा बन सकता है।

 

मंच पर आंबेडकर-कांशीराम, पोस्टरों में सत्ता का नया फार्मूला

रैली का मंच भी अपने आप में राजनीतिक संदेश दे रहा था। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, कांशीराम और ज्योतिबा फुले की तस्वीरों को प्रमुखता दी गई। मैदान में नीले और हरे झंडे दिखाई दिए। कार्यकर्ताओं ने जय भीम के नारे लगाए।सबसे ज्यादा चर्चा पोस्टरों पर लिखे इस नारे की रही- 'दलित का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा और अब्दुल का बेटा उपमुख्यमंत्री बनेगा।'यह नारा गठबंधन की पूरी राजनीतिक रणनीति को सामने रखता है। चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाकर दलित समाज को नेतृत्व का भरोसा दिया गया, जबकि ओवैसी ने मुस्लिम समाज को उपमुख्यमंत्री पद में हिस्सेदारी का संदेश दिया।ओवैसी ने भी चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री बनाने का समर्थन किया। इस तरह गठबंधन ने केवल चुनावी समझौते की जगह सत्ता में भागीदारी का एक स्पष्ट राजनीतिक फार्मूला पेश किया।

 

403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी, दो उपमुख्यमंत्री का वादा

सामाजिक परिवर्तन मोर्चे ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया गया है। गठबंधन की ओर से मुस्लिम और पिछड़े वर्ग से उपमुख्यमंत्री बनाने की बात भी कही गई।चंद्रशेखर ने महिलाओं को हर महीने 25 हजार रुपये देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर रोजगार और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता दी जाएगी। किसानों और मजदूरों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने तथा पुलिस कार्रवाई में न्याय सुनिश्चित करने की बात भी कही।ओवैसी और चंद्रशेखर दोनों ने बीजेपी सरकार के साथ-साथ समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर रखा। ओवैसी ने मुस्लिमों की राजनीतिक हिस्सेदारी का सवाल उठाया, जबकि चंद्रशेखर ने दलितों और वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर अपनी बात रखी।

 

अखिलेश की PDA राजनीति और मायावती की BSP के सामने चुनौती?

इस रैली का सबसे बड़ा राजनीतिक असर समाजवादी पार्टी और बीएसपी पर पड़ सकता है। अखिलेश यादव की पीडीए राजनीति में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाता प्रमुख आधार हैं। वहीं मायावती की बीएसपी की राजनीति लंबे समय से दलित मतदाताओं के इर्द-गिर्द रही है।अब चंद्रशेखर दलित युवाओं और बीएसपी से निराश पुराने समर्थकों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी तरफ ओवैसी मुस्लिम समाज को सत्ता में हिस्सेदारी का भरोसा दे रहे हैं।2022 के विधानसभा चुनाव में बीएसपी को करीब 12.9 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का वोट प्रतिशत और गिरकर करीब 9.4 प्रतिशत रह गया। ऐसे में बीएसपी के कमजोर होते जनाधार के बीच चंद्रशेखर के लिए नई जगह बनाने की राजनीतिक संभावना जरूर पैदा होती है।

यह भी पढ़ें: 'वोट बैंक नहीं, मुसलमान सत्ता में लेगा हिस्सा', अखिलेश यादव पर भड़के ओवैसी

 

2027 में भीड़ का संदेश कितना बड़ा होगा?

लखनऊ की इस महारैली ने तीन राजनीतिक संकेत दिए हैं। पहला, चंद्रशेखर आजाद के साथ दलित युवाओं का आकर्षण गठबंधन की बड़ी ताकत बन सकता है। दूसरा, ओवैसी को मुस्लिम समाज के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ को मैदान में मौजूदगी और वोट में बदलना होगा। तीसरा, बीएसपी से निराश पुराने समर्थकों और सपा के पीडीए समीकरण में जगह तलाश रहे मतदाताओं के बीच यह गठबंधन अपनी संभावना देख रहा है।ओवैसी की आक्रामक आवाज, चंद्रशेखर का युवा क्रेज और दलित-मुस्लिम सत्ता में हिस्सेदारी का नारा लखनऊ की रैली ने यूपी की राजनीति में नया सवाल खड़ा कर दिया है। क्या 2027 में दलित युवा चंद्रशेखर को अपना नया नेता बनाएंगे और क्या ओवैसी मुस्लिम वोटों को इस गठबंधन के साथ जोड़ पाएंगे? इसका जवाब चुनाव में मिलेगा, लेकिन इतना तय है कि सपा और बीएसपी दोनों के लिए इस नए मोर्चे को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।


और पढ़ें