पंजाब के राजनीतिक गलियारों में कई दिनों से यह कयास लगाया जा रहा था कि नवजोत कौर कांग्रेस पार्टी से निकाले जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पार्टी में शामिल होंगी। अब इन कयासों पर पूर्ण विराम लग गया है क्योंकि नवजोत कौर ने भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी बनाई है। इस बात की घोषणा नवजोत कौर सिद्धू ने अपने एक्स अकाउंट पर की है। पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाला है, उससे ठीक एक साल पहले नवजोत कौर का नई पार्टी बनाना विपक्षियों के लिए चुनौती खड़ी कर सकता है। इस नए समीकरण को देखकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है।
नवजोत कौर ने बीते सोमवार को एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर बताया है कि वह नई पार्टी की शुरुआत कर रही हैं। नवजोत कौर 2012 से ही पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं। 2012 में उन्हें बीजेपी पार्टी की टिकट मिली थी, जहां उन्होंने संसदीय सचिव के तौर पर काम किया था जबकि नवजोत कौर के पति नवजोत सिद्धू 2004 में ही बीजेपी पार्टी में शामिल हो गए थे। 2016 में दोनों ही बीजेपी पार्टी छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। अब सवाल उठता है कि नवजोत कौर की नई पार्टी को लेकर लोगों की राय क्या है।
यह भी पढ़ें: पिता, 2 बच्चों को किया किडनैप, रास्ते में टैंकर से भिड़ी बोलेरो, मौके पर हुई मौत
नवजोत कौर ने सोशल मीडिया पर क्या पोस्ट किया?
नवजोत कौर ने सोमवार को अपने एक्स अकाउंट पर पार्टी का लोगो शेयर कर बताया है, 'अब हम नए विकल्प की तरफ बढ़ रहे हैं। अब हम देश के लिए समर्पित होना चाहते हैं, ताकि आम जनता को उनके हक दिला सकें। ऐसे ही विचारधारा वाले लोग जुड़कर अपने लक्ष्य को पूरा करेंगे।' इस पोस्ट और पार्टी के लोगो, पोस्टर को देखकर लोगों ने कमेंट के जरिए अपनी-अपनी प्रतिक्रिया शेयर की है।
कमेंट के जरिए एक व्यक्ति ने कहा है, 'इससे पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा। नवजोत सिद्धू को इस पार्टी में होना चाहिए। यह पार्टी बड़े स्तर तक पहुंचेगी और पंजाब में भविष्य में जो भी सरकार बनेगी, उसमें इसका अहम योगदान होगा। दिल्ली और हरियाणा में इसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा।' इस नई पार्टी को लेकर हरपाल सिंह चीमा ने कहा, 'मुझे लगता है कि दोनों पति-पत्नी मिलकर पंजाब में नई पार्टी बनाएंगे और पार्टी का नाम पति-पत्नी पार्टी होगा।'
यह भी पढ़ें: रूस की सेना में भर्ती हुआ भारतीय जवान, यूक्रेन से जंग में शहीद हुआ, घर लाश आई
बहादुर सिंह ने कहा है, 'हमें बस आपसे एक भरोसा चाहिए कि आप कभी बीजेपी पार्टी में शामिल नहीं होंगी, तो मेरा वोट आपको ही जाएगा।'
जय ने नई पार्टी के पोस्टर पर आपत्ति जताते हुए कहा, 'पार्टी का नाम सिर्फ हिन्दी और पंजाबी भाषा में नहीं लिखा है और ये लोग पंजाब का भला करने का दावा करते हैं?'