राजा भैया का सियासी दांव, तीसरी सीट पर कुर्मी प्रत्याशी, NDA को चुनौती
प्रतापगढ़ की कुंडा व बाबागंज विधानसभा सीट पर राजा भैया की पार्टी का कई वर्षो से कब्जा है। राजा भैया लगातार 1993 से जीत रहे है, लेकिन उनका जीत का अंतर कम हो रहा है। ऐसे में उन्होंने इस बार विश्वनाथगंज से पार्टी की ओर से तीसरा प्रत्याशी कुर्मी उतारकर तीनों सीटों पर जातीय समीकरण साधा है।

विधायक रघुराज प्रताप सिंह, Photo Credit- Social Media
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रतापगढ़ की राजनीति में राजा भैया ने एक ऐसा दांव चला है, जिसने जिले के साथ-साथ आसपास की सियासत में भी हलचल बढ़ा दी है। अब तक अपनी पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को कुंडा और बाबागंज तक सीमित रखने वाले रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने इस बार तीसरी विधानसभा सीट विश्वनाथगंज से भी उम्मीदवार उतार दिया है। यहां उन्होंने कुर्मी समाज से आने वाले कुलदीप पटेल को चुनावी मैदान में उतारा है। इस फैसले को केवल पार्टी का विस्तार नहीं, बल्कि प्रतापगढ़ के जातीय समीकरणों को नए सिरे से साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
राजा भैया खुद कुंडा से चुनाव लड़ेंगे, बाबागंज से मौजूदा विधायक विनोद सरोज को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि विश्वनाथगंज में पिछले तीन चुनाव से अपना दल (सोनेलाल) का कब्जा है। यहां कुर्मी-पटेल मतदाताओं की मजबूत मौजूदगी है। ऐसे में राजा भैया ने पटेल प्रत्याशी उतारकर एक तरफ अनुप्रिया पटेल की पार्टी को चुनौती दी है तो दूसरी तरफ कुंडा और आसपास की सीटों पर कुर्मी मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश की है।
कुंडा में घटा जीत का अंतर, क्या इसलिए बदली रणनीति?
राजा भैया की राजनीति का सबसे मजबूत गढ़ कुंडा रहा है। वर्ष 1993 से लगातार इस सीट पर जीत दर्ज करते आ रहे राजा भैया सात बार विधायक बन चुके हैं। पहले वह निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ते थे, लेकिन जनसत्ता दल बनाने के बाद 2022 में अपनी पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरे।हालांकि, 2022 का चुनाव उनके लिए पिछले चुनावों की तुलना में चुनौतीपूर्ण रहा। वर्ष 2017 में राजा भैया ने 1,36,597 वोट हासिल कर 1,03,647 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।
2022 में उन्हें 99,612 वोट मिले और सपा के गुलशन यादव को 69,297 वोट मिले। इस बार जीत का अंतर घटकर 30,315 रह गया।यानी राजा भैया की जीत तो बरकरार रही, लेकिन मुकाबला पहले से ज्यादा कड़ा हो गया। राजनीतिक जानकारों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण है।
कुंडा में यादव, दलित, मुस्लिम और ब्राह्मण मतदाताओं की बड़ी संख्या है। ऐसे में किसी एक सामाजिक वर्ग के भरोसे चुनाव जीतना आसान नहीं है।यहीं पर विश्वनाथगंज से कुर्मी प्रत्याशी उतारने के फैसले को जोड़कर देखा जा रहा है। क्या राजा भैया चाहते हैं कि कुर्मी समाज का एक हिस्सा उनके साथ आए, ताकि कुंडा में भी उनका सामाजिक आधार और मजबूत हो सके?
यह भी पढ़ें: ओवैसी के मंच पर चंद्रशेखर का जलवा! मुस्लिमों से ज्यादा उमड़े दलित युवा
कुंडा में किस जाति के कितने मतदाता, क्यों अहम है कुर्मी वोट?
कुंडा विधानसभा का जातीय समीकरण राजा भैया की राजनीति को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अलग-अलग चुनावी आकलनों में यहां अनुसूचित जाति के करीब 70 से 90 हजार, यादव लगभग 75 हजार, मुस्लिम 55 हजार और ब्राह्मण 50 हजार मतदाता बताए जाते हैं। इसके अलावा ठाकुर 25 हजार, कुर्मी 30 हजार, मौर्य 20 हजार, वैश्य 15 हजार और अन्य पिछड़ी जातियों की भी महत्वपूर्ण मौजूदगी है।
कुंडा में करीब 30 हजार कुर्मी मतदाता हैं। यह संख्या यादव, दलित और मुस्लिम मतदाताओं की तुलना में कम जरूर है, लेकिन चुनावी मुकाबले में कम अंतर से जीत-हार तय करने की स्थिति में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।राजा भैया के सामने चुनौती यह भी है कि 2022 में सपा ने गुलशन यादव को मैदान में उतारकर उनके परंपरागत गढ़ में सीधी चुनौती दी थी। ऐसे में 2027 में वह किसी भी ऐसे सामाजिक समीकरण को नजरअंदाज नहीं करना चाहेंगे, जो उनके विरोधियों को मजबूत कर सकता है।
बाबागंज में पासी और दलित मतदाताओं की बड़ी भूमिका
राजा भैया की पार्टी की दूसरी मजबूत सीट बाबागंज है। यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित विधानसभा क्षेत्र है। यहां से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सरोज मौजूदा विधायक हैं और उन्हें फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।बाबागंज में दलित मतदाताओं की आबादी सबसे अधिक मानी जाती है। एक चुनावी आकलन के मुताबिक यहां अनुसूचित जाति के मतदाता करीब 23 प्रतिशत हैं। इसके बाद यादव लगभग 14 प्रतिशत, मुस्लिम करीब 12 प्रतिशत, अन्य पिछड़ी जातियां लगभग 12 प्रतिशत, ब्राह्मण करीब 12 प्रतिशत और कुर्मी-पटेल लगभग 10 प्रतिशत हैं।
ठाकुर मतदाताओं की हिस्सेदारी भी करीब 8 प्रतिशत बताई जाती है।यहां राजा भैया के सामने दलित आधार को मजबूत बनाए रखने की चुनौती है। विनोद सरोज की उम्मीदवारी के जरिए पार्टी अपने पुराने सामाजिक आधार को बरकरार रखना चाहती है। वहीं कुर्मी और दूसरी पिछड़ी जातियों के मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश भी चुनावी रणनीति का हिस्सा हो सकती है।
विश्वनाथगंज में कुलदीप पटेल के जरिए किस पर निशाना?
अब सबसे महत्वपूर्ण सवाल विश्वनाथगंज का है। राजा भैया ने यहां कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाकर सीधे कुर्मी-पटेल मतदाताओं को राजनीतिक संदेश दिया है। यह सीट फिलहाल अपना दल (सोनेलाल) के पास है और यहां से जीत लाल पटेल विधायक हैं।विश्वनाथगंज में कुर्मी-पटेल समाज की अच्छी मौजूदगी है। इसके साथ ब्राह्मण, मुस्लिम, यादव, दलित और ठाकुर मतदाता भी चुनावी परिणाम को प्रभावित करते हैं।
अनुमानित जातीय आकलन के अनुसार विश्वनाथगंज में ब्राह्मण मतदाता करीब 61 हजार, मुस्लिम 55 हजार, पटेल 42 हजार, यादव 38 हजार और ठाकुर करीब 31 हजार बताए गए हैं। इसके अलावा वैश्य लगभग 19 हजार और गड़रिया करीब 12 हजार हैं। मौर्य, धोबी, कहार, लोनिया और अन्य समुदायों के मतदाता भी मौजूद हैं। विश्वनाथगंज में कुलदीप पटेल को उतारने के पीछे सबसे बड़ा संदेश यही है कि राजा भैया अब अपना दल (एस) के परंपरागत पटेल वोट बैंक में भी हिस्सेदारी चाहते हैं। यह फैसला अनुप्रिया पटेल के राजनीतिक प्रभाव को चुनौती देने वाला भी माना जा रहा है।
अनुप्रिया पटेल से पुरानी तल्खी, अब विश्वनाथगंज में सीधी सियासी चुनौती
राजा भैया और अनुप्रिया पटेल के बीच लोकसभा चुनाव के दौरान भी राजनीतिक तल्खी देखने को मिली थी। ऐसे में विश्वनाथगंज से कुर्मी प्रत्याशी उतारने के फैसले को उस राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से जोड़कर भी देखा जा रहा है।अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल (सोनेलाल) पिछले तीन चुनावों से इस सीट पर जीत दर्ज करती आ रही है। 2017 में डॉ. आरके वर्मा ने जीत हासिल की थी, जबकि 2022 में जीत लाल पटेल विधायक बने। वर्ष 2022 में जीत लाल ने सपा के सौरभ सिंह को 48,052 वोटों से हराया था।अब जनसत्ता दल ने कुलदीप पटेल को मैदान में उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अगर कुलदीप पटेल कुर्मी समाज के साथ दूसरी पिछड़ी जातियों और सामान्य वर्ग के मतदाताओं में भी पकड़ बना लेते हैं तो अपना दल (एस) के लिए चुनौती बढ़ सकती है।
सपा-बीजेपी का भी बिगड़ सकता है गणित
राजा भैया के इस फैसले का असर केवल अपना दल (एस) तक सीमित नहीं रहने वाला। विश्वनाथगंज में सपा, बीजेपी और अपना दल (एस) के अपने-अपने सामाजिक आधार हैं। अब जनसत्ता दल की एंट्री से मुकाबला बहुकोणीय हो सकता है। कुलदीप पटेल के जरिए कुर्मी मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश होगी तो राजा भैया के प्रभाव से क्षत्रिय और दूसरे वर्गों का समर्थन हासिल करने की रणनीति भी सामने आ सकती है।
असर इस बात पर निर्भर करेगा कि स्थानीय स्तर पर पार्टी कितना संगठन खड़ा कर पाती है और दूसरे दलों के उम्मीदवार कौन होते हैं।राजा भैया के लिए तीसरी सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला अपनी पार्टी को प्रतापगढ़ में दो सीटों से आगे बढ़ाकर जिले की राजनीति में बड़ी ताकत बनाने का अवसर भी है।
यह भी पढ़ें: 'वोट बैंक नहीं, मुसलमान सत्ता में लेगा हिस्सा', अखिलेश यादव पर भड़के ओवैसी
2027 में राजा भैया का असली इम्तिहान
राजा भैया के सामने इस बार तीन अलग-अलग सामाजिक समीकरण हैं। कुंडा में अपना पुराना जनाधार और विरोधियों की चुनौती, बाबागंज में दलित और पासी मतदाताओं का समर्थन बनाए रखने की जिम्मेदारी और विश्वनाथगंज में कुर्मी-पटेल समाज के बीच नई राजनीतिक जमीन तैयार करने की चुनौती। 2022 में कुंडा में जीत का अंतर एक लाख से घटकर करीब 30 हजार रह जाना भी उनकी रणनीति के लिए महत्वपूर्ण संकेत है।
ऐसे में तीसरी सीट पर कुर्मी प्रत्याशी उतारना केवल विश्वनाथगंज जीतने की कोशिश नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक समीकरण मजबूत करने का प्रयास भी हो सकता है।अब देखना होगा कि कुलदीप पटेल के जरिए राजा भैया विश्वनाथगंज में अपना दल (एस) के गढ़ में सेंध लगा पाते हैं या नहीं। साथ ही क्या कुर्मी मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने का यह दांव कुंडा में भी उनके लिए फायदेमंद साबित होगा? 2027 के चुनाव में प्रतापगढ़ की तीनों सीटों पर राजा भैया की रणनीति की असली परीक्षा होने वाली है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




