अभिनेता से नेता बने थलापती विजय तमिलनाडु में कई बड़ी रैलियां करके अपनी ताकत दिखा चुके हैं। हालांकि, अभी उन्हें चुनाव लड़कर असली ताकत दिखाने का मौका नहीं मिला है। दरअसल, फरवरी 2024 में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की स्थापना के बाद यह पहली बार है कि विजय तमिलनाडु के आगामी विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेंगे। फिलहाल उन्होंने चुनाव लड़ने को लेकर अपने पत्ते सार्वजनिक नहीं किए हैं। उन्होंने यह भी नहीं बताया है कि वह AIADMK के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ रहेंगे या फिर DMK के साथ रहकर चुनाव लड़ेंगे।
मगर, इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर थलापती विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम तैयार है। इसकी खबर खुद उनकी पार्टी के सीनियर नेताओं ने दी है। नेताओं ने यह भी बताया है कि विजय तमिलनाडु की किस सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि विजय की पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने का मूड बना रही है...
यह भी पढ़ें: 2027 के लिए तैयार अकाली दल, बैसाखी तक 40 रैलियां, किन मुद्दों को उठाएगी पार्टी?
चेन्नई पर पार्टी नेताओं की नजर
दरअसल, तमिलगा वेत्री कझगम के अधिकतर सीनियर नेता तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2027 में राजधानी चेन्नई और उसके आस-पास के जिलों की विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। चेन्नई के आसपास के सीटों पर चुनाव लड़ने वालों की लिस्ट में पार्टी अध्यक्ष विजय का भी नाम शामिल है।
विजय कहां से लड़ सकते हैं चुनाव?
TVK के नेताओं ने जानकारी देते हुए बताया है कि थलापति विजय ने पांच विधानसभा सीटों को चुनाव लड़ने के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। इन सीटों में चेन्नई की वेलाचेरी और विरुगमबक्कम हैं। इसके अलावा विक्रवंडी, नागपट्टिनम और त्रिची पूर्व विधानसभा सीटों पर पार्टी अपने मजबूत उम्मीदवार उतारेगी। TVK के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष दो सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं। वह चेन्नई की वेलाचेरी और विरुगमबक्कम विधानसभा सीटों से अपनी चुनावी किस्मत आजमा सकते हैं। अब विजय के दो सीटों से चुनाव लड़ने की चर्चा पार्टी के साथ में पूरे राज्य में होने लगी है।

TVK के एक सीनियर नेता के मुताबिक, अगर ऐसा होता है तो त्रिची पूर्व से भी विजय लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि त्रिची विधानसभा उनकी पार्टी के लिए बेहतर है और यहां से विजय चुनाव जीत सकते हैं। इसके पीछे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि त्रिची पूर्व विधानसभा में अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी काफी है। दूसरी ओर TVK की सीनियर लीड़रशिप चाहती है कि पार्टी अपने पहले विधानसभा चुनाव में पूरे राज्य में अपनी किस्मत आजमाए, लेकिन समय बीतने और आंतरिक सर्वे करवाने के बाद पार्टी नेताओं का मन बदला है।
यह भी पढ़ें: BJP और TMC की सियासी लड़ाई, 'टैगोर vs बंकिम चंद्र' कैसे हुई?
TVK के अंदरूनी सर्वे में क्या आया?
दरअसल, TVK के अंदरूनी सर्वे में सामने आया है कि चेन्नई जो पार्टी के लिए फायदे वाला जोन हो सकता है। पार्टी सूत्रों का दावा है कि सर्वे से पता चला है कि TVK को चेन्नई शहर के कम से कम 10 से 12 विधानसभा क्षेत्रों में 25 से 30 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। ऐसे में अलग विजय के चेहरे और विकास के मुद्दे को अलग पार्टी भुना ले गई तो TVK उम्मीदवार जीत भी सकते हैं। पार्टी के एक नेता ने दावा किया है कि चुनाव पास आने और कैंपेन की गतिविधियां तेज होने पर यह आंकड़ा 40% को भी पार कर सकता है।
इन सीटों पर पार्टी की नजर
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, TVK पार्टी के चुनाव कैंपेन मैनेजमेंट के महासचिव आधव अर्जुन तिरुवल्लूर विधानसभा, संयुक्त महासचिव सीटी आर निर्मल कुमार उसिलामपट्टी या फिर पेरम्बूर विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं।
इसके अलावा पार्टी के कई और बड़े नेता चेन्नई से हटकर अपने गृह जिलों से चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं। पार्टी के प्रोपेगैंडा सचिव अरुण राज नमक्कल जिले के तिरुचेंगोडे विधानसभा सीट से मैदान में उतरने की तैयार कर रहे हैं, जबकि महासचिव एन आनंद पुडुचेरी बॉर्डर के पास कुड्डालोर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
हालांकि, पार्टी के अंदर यह बस बातें ही चल रही हैं। कौन से नेता किस सीट से चुनाव लड़ेंगे यह तो आधिकारिक सूचना के बाद ही मालूम चलेगा।