बिहार के नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास अब कुछ भी करने के लिए पैसे नहीं बचे हैं। खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है। तेजस्वी यादव ने महिलाओं से किए गए वादे का भी जिक्र किया। तेजस्वी यादव ने सवाल किया है कि महिलाओं को दी जाने वाली दूसरी किस्त कब मिलेगी?
तेजस्वी यादव ने पेंशन योजना को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि पेंशन कब दी जाएगी? तेजस्वी यादव ने बिहार की एनडीए सरकार पर आरोप लगाया है कि इस सरकार ने लोगों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री झूठे बयान देते हैं तो उनकी सोच पर हंसी आती है।
यह भी पढ़ें: 'लॉ एंड ऑर्डर नहीं, क्रिमिनल डिसऑर्डर चल रहा है', बिहार सरकार पर भड़के तेजस्वी
'सरकार के पास कुछ करने के लिए पैसे नहीं'
तेजस्वी यादव ने कहा, 'सरकार के पास कुछ भी करने के लिए पैसे नहीं हैं, खजाना खाली है। महिलाओं से जिस दूसरी किस्त का वादा किया गया था, वह कब दी जाएगी? पेंशन कब दी जाएगी?'
'CM की सोच पर हंसी आती है'
तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी के हरा गमछे वाले बयान पर सवाल उठाते हुए कहा, 'आपने लोगों को धोखा दिया है। अगर मुख्यमंत्री इस तरह के बयान देते हैं तो हम उनकी सोच पर हंसते हैं।'
यह भी पढ़ें: 'लालू जेल गए, राबड़ी बनीं CM', तेजस्वी यादव पर मैथिली ठाकुर का हमला
हरा गमछा पर हंगामा क्यों?
CM सम्राट चौधरी ने AI समिट के दौरान शनिवार को कुछ ऐसा कहा था, जिस पर हंगामा बरप गया. उन्होने कहा था, 'पटना में 4 हजार AI कैमरे हैं। अगर AI सिस्टम को यह निर्देश दे दिया जाए कि हरे गमछे वाले को खोजो तो वह तुरंत ऐसे लोगों की पहचान कर लेगा।'
सम्राट चौधरी ने खुद को संभालते हुए कहा था कि उनका इशारा किसी खास व्यक्ति या समूह की ओर नहीं था। उनके बयान के बाद हंगामा बरपा है। तेजस्वी यादव ने उनके बयान को नफरती बताया है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य और पूर्णिया के सांसद राजीव रंजन पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री के इस बयान की आलोचना की है। तेजस्वी यादव का कहना है कि सरकार बयानबाजी कर रही है, जनता को विकास और योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, जबकि सरकार सिर्फ खाली वादे कर रही है।