उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार एक और अनुपूरक बजट ला सकती है। दिसंबर में प्रस्तावित शीतकालीन सत्र में इसके पेश होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस अनुपूरक बजट के जरिए सरकार चुनाव से पहले नई योजनाओं और मौजूदा योजनाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि का इंतजाम कर सकती है। वहीं, राज्य कर्मचारियों को दीपावली से पहले बढ़े हुए महंगाई भत्ते (डीए) और बोनस का तोहफा मिलने की तैयारी है।
सूत्रों के मुताबिक वित्त विभाग को नए अनुपूरक बजट की तैयारियों के संकेत दिए जा चुके हैं। सरकार चुनाव में जाने से पहले कई योजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट का इंतजाम करना चाहती है। दिसंबर में शीतकालीन सत्र के दौरान इसे सदन में पेश किए जाने की संभावना जताई जा रही है।इस अनुपूरक बजट में करीब 59 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था किए जाने की चर्चा है। अगर ऐसा होता है तो यह योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी अनुपूरक बजट होगा।
महिलाओं और युवाओं के लिए हो सकती हैं नई घोषणाएं
चुनाव से पहले सरकार महिलाओं और युवाओं पर भी फोकस कर सकती है। महिलाओं को 40 हजार रुपये की मदद देकर कारोबार शुरू कराने की योजना को अनुपूरक बजट के जरिए अमलीजामा पहनाया जा सकता है। इसके अलावा युवाओं के लिए नई घोषणाओं और योजनाओं के लिए भी धनराशि का इंतजाम होने की उम्मीद है।स्कूटी वितरण योजना के लिए भी अतिरिक्त बजट दिए जाने की संभावना है। इसके साथ ही सरकार की प्राथमिकता वाली कुछ अन्य योजनाओं के लिए भी अनुपूरक बजट में रकम रखी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: चार महीने पहले की दूसरी शादी, अब पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला
पहले ही आ चुका है 59 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट
योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस साल 9.12 लाख करोड़ रुपये का मूल बजट पेश किया था। इसके बाद चार अगस्त को मानसून सत्र में 59,019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया गया था। इसमें 17,399.50 करोड़ रुपये राजस्व लेखे और 41,620.04 करोड़ रुपये पूंजी लेखे के खर्च के लिए रखे गए थे।
कर्मचारियों को दीपावली पर डीए और बोनस
वहीं, राज्य कर्मचारियों के लिए भी दीपावली से पहले बड़ा ऐलान हो सकता है। वित्त विभाग ने महंगाई भत्ता और बोनस की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार अराजपत्रित कर्मचारियों को 3,400 से 7,000 रुपये तक बोनस दिया जा सकता है। इसका ऐलान अक्टूबर के अंत तक होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: 'अयोध्या-काशी तो झांकी है, मथुरा बाकी है’, अखिलेश को धर्म संसद का मिला न्योता
पेंशनर्स को भी मिलेगा फायदा
राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की तैयारी है। यह बढ़ोतरी जुलाई 2026 से लागू होने की संभावना है। इसका फायदा 12 लाख से अधिक राज्य कर्मचारियों और 6 लाख से ज्यादा पेंशनर्स को मिलने की उम्मीद है। यानी चुनाव से पहले योगी सरकार के संभावित अनुपूरक बजट में नई योजनाओं के साथ कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए भी राहत का बड़ा पैकेज देखने को मिल सकता है।