logo

मूड

ट्रेंडिंग:

चार महीने पहले की दूसरी शादी, अब पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला

यूपी के बुलंदशहर में एक शख्स ने अपनी दूसरी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

accused

आरोपी पति और मृतक खुशबू। (Photo Credit: Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के जिला बुलंदशहर में दूसरी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नरौरा थाना क्षेत्र के पिलखना गांव में शुक्रवार रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद 25 वर्षीय खुशबू की मौत हो गई। आरोप है कि पति फैमुद्दीन उर्फ असलम ने उसकी बेरहमी से पिटाई की।

 

खुशबू की शादी आरोपी से महज चार महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक मेरठ की रहने वाली खुशबू की शादी करीब चार महीने पहले पिलखना निवासी फैमुद्दीन उर्फ असलम से हुई थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर लगातार कहासुनी और विवाद चल रहा था।

 

शुक्रवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद फैमुद्दीन ने खुशबू को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक खुशबू गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी पति वहां से फरार हो गया।

 

यह भी पढ़ें: सिगरेट की दुकान से खुला नोएडा कारोबारी हत्याकांड का राज, 4 गिरफ्तार

 डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलने के बाद नरौरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को लहूलुहान हालत में डिबाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद खुशबू को मृत घोषित कर दिया।

 

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भराकर पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

मौत के बाद पहली पत्नी का मामला भी चर्चा में

घटना के बाद पिलखना गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दावा किया कि फैमुद्दीन की यह दूसरी शादी थी। ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले उसकी पहली पत्नी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहली पत्नी की भी फैमुद्दीन ने पीट-पीटकर हत्या की थी। हालांकि पहली पत्नी की मौत को लेकर लगाए जा रहे इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। मौजूदा घटना पर गांव में तनाव की स्थिति है। पुलिस बल की तैनाती की गई है।

 

यह भी पढ़ें: KGMU नर्सिंग अफसर और दोस्त की हत्या, घाघरा में फेंकी लाश, 5 गिरफ्तार

आरोपी पति की तलाश में दबिश

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पिलखना गांव में महिला की हत्या की सूचना मिली है। प्रथम दृष्टया मामला पति द्वारा मारपीट कर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

 

एसएसपी के मुताबिक मृतका के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें