logo

मूड

ट्रेंडिंग:

परिसीमन पर केंद्र का साथ देकर कौन सा समीकरण साध गए एमके स्टालिन?

एमके स्टालिन वही हैं जिन्होंने परिसीमन विधेयक को काला कानून करार दिया था। अब वह खुलकर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन के साथ आ गए हैं।

MK Stalin

DKM प्रमुख एमके स्टालिन। Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

देश की राजनीति में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने ऐसी चाल चली है कि उसके सहयोगी दल ही चौंक गए हैं। राहुल गांधी से लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे तक इस कवायद में लगे हैं कि किसी भी तरह से एमके स्टालिन परिसीमन विधेयक के खिलाफ इंडिया गठबंधन का साथ दें लेकिन एमके स्टालिन तैयार नहीं हैं। उन्होंने साफ कह दिया है कि वह तमिलनाडु के हितों के साथ हैं, इस बार वह किसी भी तरह का समझौता नहीं कर सकते हैं।

INDIA गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने रविवार को DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन को परिसीमन बिल पर समर्थन से रोकने की आखिरी कोशिश भी की। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि गठबंधन के नेता चेन्नई जाकर एमके स्टालिन से मिलेंगे और DMK से 132वें संविधान संशोधन बिल और परिसीमन (II) विधेयक का विरोध करने की अपील करेंगे। ये विधेयक महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए हैं। 

यह भी पढ़ें: राहुल बोले- इंडिया ब्लॉक का साथ दें, स्टालिन ने लिखा- हर फैसला तमिल हित में लिया

अब विपक्ष की भी नहीं सुन रहे हैं स्टालिन

राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ने से देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ को पूरे देश का चुनावी नक्शा अपने फायदे के लिए दोबारा खींचने की खुली छूट मिलेगी। राहुल गांधी ने एमके स्टालिन को तमिल विरोधी ताकतों के सामने चट्टान की तरह खड़ा रहने वाला बताया। 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी समेत INDIA गठबंधन के शीर्ष नेता इस कोशिश में शामिल थे। इससे पहले DMK संसदीय दल की नेता कनिमोई, मल्लिकार्जुन खड़गे के घर गईं। उन्होंने खड़गे से कहा कि चेन्नई जाने का कोई फायदा नहीं है, क्योंकि पार्टी विशेष सत्र में बिल का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

एमके स्टालिन का रुख क्या है?

एमके स्टालिन, अध्यक्ष, डीएमके:-
संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में DMK की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी आपका शुक्रिया। हमने हमेशा तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर हर फैसला लिया है। हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे पूरा विश्वास है कि इतिहास हमें 'कट्टाबोम्मन' के रूप में याद रखेगा, न कि 'एट्टाप्पन' के रूप में।

 

'कट्टाबोम्मन' और 'एट्टाप्पन' का जिक्र क्यों?

वीरपांडिया कट्टाबोम्मन 18वीं सदी के तमिलनाडु के एक महान स्वतंत्रता सेनानी और पॉलीगर शासक थे। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह किया था। तमिलनाडु में उन्हें लोग श्रद्धा से देखते हैं। एट्टाप्पन उन्हीं के एक पड़ोसी शासक थे जिन्होंने अंग्रेजों के साथ मिलकर कट्टाबोम्मन को धोखा दिया और उन्हें पकड़वाया था। उन्हें लोग गद्दार के तौर पर याद करते हैं।

DMK ने पहले समर्थन क्यों नहीं किया था?

परिसीमन विधेयक पर सरकार एक अरसे से कांग्रेस के अलावा दूसरे विरोधी दलों से संपर्क कर रही है। सरकार ने करीब एक साल पहले DMK से बातचीत शुरू कर दी थी। यह भरोसा दिया गया था कि लोकसभा में तमिलनाडु की हिस्सेदारी कम नहीं होगी। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने वाले थे। एमके स्टालिन ने पूरे कैंपेन में जोसेफ विजय की अगुवाई वाले तमिलगा वेत्री कड़गम नहीं, ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) और NDA गठबंधन के खिलाफ कैंपेन किया था। 

 

अप्रैल 2026 में जब केंद्र सरकार ने यह विधेयक पारित कराने की कोशिश की तो एमके स्टालिन की पूरी पार्टी काली पट्टी बांधकर विरोध में उतरी थी। इसे संविधान के खिलाफ बताया था और ब्लैक ऐक्ट करार दिया था। उन्होंने पूरे चुनाव में NDA का विरोध किया, हिंदुत्व के खिलाफ जमकर बयानबाजी की और अब परिसीमन पर साथ दे रहे हैं।

 

एमके स्टालिन, तब मुख्यमंत्री थे। उन्होंने फरवरी में परिसीमन के खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव पास कराया। 16 अप्रैल को उन्होंने केंद्र के बिल की प्रति जलाई और इसे 'काला कानून' कहा। गृह मंत्री अमित शाह ने 16 और 17 अप्रैल को लोकसभा में कहा था कि सरकार सभी राज्यों की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान लाने को तैयार है। फिर भी DMK अपने रुख पर कायम रही।

यह भी पढ़ें: स्टालिन और शरद पवार को मनाने चले मल्लिकार्जुन खड़गे, परिसीमन बिल रोक पाएंगे?

तब विरोध कर DMK को क्या हासिल हुआ?

DMK, NDA गठबंधन को एक सिरे से खारिज कर रहा था। स्टालिन बार-बार बीजेपी को तमिल विरोधी और द्रविड़ विरोधी करार दे रहे थे। तब अगर परिसीमन पर केंद्र का साथ देते तो राजनीतिक तौर पर उन्हें नुकासन झेलना पड़ सकता था। विधानसभा चुनाव करीब थे और DMK इस दौरान बिल का समर्थन करने की राजनीतिक कीमत चुकाने को तैयार नहीं थी। विजय की लहर में भी अगर डीएमके अपना अस्तित्व तो बचा ले गई थी। 

तमिलनाडु की राजनीति में अप्रैल के बाद क्या बदला?

DMK पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी AIADMK से नहीं, बल्कि अभिनेता सी जोसेफ विजय की नई पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम से हारी। TVK ने 234 में से 108 सीटें जीतीं, जो बहुमत से 10 कम हैं। DMK 54 सीटों के साथ बहुत पीछे दूसरे नंबर पर रही। हार से उबरने की कोशिश के बीच DMK की सहयोगी कांग्रेस ने साथ छोड़ दिया। कांग्रेस विजय की सरकार में शामिल हो गई और उसके दो मंत्री बने। तमिलनाडु की सत्ता में उसे 59 साल बाद हिस्सेदारी मिली। इससे नाराज DMK ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन से नाता तोड़ लिया।

DMK संसदीय दल की नेता कनिमोई करुणानिधि ने 7 मई को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को चिट्ठी लिखी। उन्होंने बदली राजनीतिक परिस्थिति और कांग्रेस से गठबंधन खत्म होने का हवाला देकर अलग सीटिंग मांगी। एमके स्टालिन का कांग्रेस से मोहभंग हुआ और इस बार तमिल हितों का हवाला देकर एनडीए का साथ देने का वादा किया। 

DMK,  परिसीमन में अपनी जीत क्यों देख रही है?

DMK का दावा है कि सरकार ने पार्टी की दो मुख्य मांगें मान ली हैं। पहली, तमिलनाडु समेत हर राज्य की लोकसभा में मौजूदा हिस्सेदारी बनी रहेगी और सीटें सिर्फ 50 प्रतिशत बढ़ेंगी। दूसरी, यह संख्या अगले 25 साल यानी 2051 तक स्थिर रहेगी। DMK के 22 लोकसभा और 8 राज्यसभा सांसद हैं।

यह भी पढ़ें: 'पूछताछ के बाद छोड़ दो', उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी पर हाई कोर्ट का फैसला

कौन सा समीकरण साध गए हैं एमके स्टालिन?

सियासी जानकारों का कहना है कि केंद्र सरकार के संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन (II) विधेयक का समर्थन कर DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन ने तमिलनाडु के संसदीय प्रतिनिधित्व को सुरक्षित करने का रास्ता चुना है। अप्रैल में जिस 131वें संशोधन विधेयक का DMK ने विरोध किया था, नए मसौदे में स्टालिन की दोनों मुख्य शर्तें लिखित रूप में शामिल हैं। पहली, सभी राज्यों की सीटों में बराबर 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी। दूसरी, राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा अगले 25 साल यानी 2051 तक 1971 की जनगणना के अनुपात पर कायम रहना।

 

लोकसभा की सीटें बढ़कर 850 होने के बावजूद तमिलनाडु की हिस्सेदारी नहीं घटेगी। राज्य की सीटें 39 से बढ़कर करीब 59 होंगी। जनसंख्या नियंत्रण करने वाले दक्षिणी राज्यों को सीटें घटने का जो डर था, वह फिलहाल टल गया है। इस फैसले का राजनीतिक असर भी साफ दिख रहा है। विधानसभा चुनाव में TVK से हारने और कांग्रेस के विजय सरकार में शामिल होने के बाद DMK गठबंधन से बाहर है। रविवार को राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के नेताओं की अपील के बावजूद स्टालिन ने रुख नहीं बदला और कहा कि फैसले तमिलनाडु के हित में लिए गए हैं। DMK खुद को तमिल हितों की रक्षक के रूप में पेश कर रही है।

 

जैसे राजनीतिक हालात हैं, अभी TVK और AIADMK के सामने अपनी जमीन बचाने का यही एक रास्ता भी दिख रहा है। कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन से उसकी दूरी भी साफ हो गई है। रूठे एमके स्टालिन को मनाने कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल चेन्नई पहुंचा है। उन्होंने पहले ही कह दिया है कि वह नहीं मानेंगे। अब नजर सोमवार की विशेष बैठक पर है, जहां इन बिलों पर मतदान होना है।

Related Topic:#MK Stalin

और पढ़ें