logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'वेणुगोपाल ने ही तो...', अपने प्रतिद्वंद्वियों के लिए क्या बोले वी डी सतीशन?

कांग्रेस ने एलान किया है कि वी डी सतीशन केरल के अगले सीएम होंगे। इस मौके पर सतीशन ने अपने प्रतिद्वंद्वियों के सी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के लिए भी कुछ कहा है।

venugopal satheesan and ramesh chennithala

वेणुगोपाल, सतीशन और रमेश चेन्निथला, Photo Credit: ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

केरल के भावी मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने अपने चुनाव पर पार्टी के शीर्ष नेताओं को धन्यवाद दिया है। मुख्यमंत्री पद के लिए उनका मुकाबला कांग्रेस के संगठन महासचिव और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्निथला से था। वी डी सतीशन के नाम का एलान होने के बाद के सी वेणुगोपाल का कहना है कि वह एक सच्चे कार्यकर्ता की तरह पार्टी के फैसले के साथ खड़े हैं। रमेश चेन्निथला की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वी डी सतीशन ने दोनों नेताओं के अहम योगदान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा है कि दोनों उनके सीनियर हैं और एक अच्छी टीम के साथ ही नया केरल बनाया जा सकता है।

 

इससे पहले वी डी सतीशन के अलावा के सी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के नाम की भी चर्चा थी। रमेश चेन्निथला सबसे वरिष्ठ और अनुभवनी नेता हैं तो वेणुगोपाल ज्यादा विधायकों के समर्थन का दावा कर रहे थे। हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों, विधायकों और अन्य नेताओं से बातचीत के बाद कांग्रेस ने फैसला लिया है वी डी सतीशन को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: यूनिवर्सिटी अध्यक्ष तक नहीं बन पाए थे, CM की कुर्सी तक कैसे पहुंचे V D सतीशन?

वेणुगोपाल और चेन्निथला पर क्या बोले सतीशन?

 

खुद वी डी सतीशन ने वेणुगोपाल के बारे में कहा है, 'मैं इस पद को निजी कामयाबी नहीं समझता हूं। के सी वेणगोपाल ही वह शख्स थे जो AICC की सारी गतिविधियां संचालित कर रहे थे। उनका सहयोग जबरदस्त था। रमेश चेन्निथला भी मेरे नेता हैं। मैं सभी को पूर्ण विश्वास में लूंगा और मैं केरल के हर वर्ग को साथ लेकर चलूंगा। साझे सहयोग से ही हम नया केरलम बना सकते हैं। कोई यह काम अकेले नहीं कर सकता लेकिन एक टीम जरूर कर सकती है।'

रमेश चेन्निथला और के सी वेणुगोपाल के बारे में वी डी सतीशन ने कहा, 'दोनों मेरे नेता हैं, मेरे वरिष्ठ हैं। मैं उनका जूनियर हूं। उन दोनों ने इस जीत में बहुत मदद की है। संगठन महासचिव के तौर पर वेणुगोपाल ने बहुत मदद की। यह उनका ही राज्य है, वह यहां के सांसद हैं। रमेश चेन्निथला कैंपेन कमेटी के चेयरमैन थे। वह बहुत समय तक मेरे नेता थे, मैंने उनके साथ काम किया है। अब पार्टी ने मुझे चुना है। इस तरह की बहुत सारी खबरें आप लोग चलाते रहते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: वी डी सतीशन होंगे केरल के मुख्यमंत्री, वेणुगोपाल का पत्ता कटा

CM पद से चूकने वालों ने क्या कहा?

वी डी सतीशन को मुख्यमंत्री बनाने के फैसले पर के सी वेणुगोपाल ने कहा है, 'राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इस पूरे मामले पर सबसे चर्चा की। उन्होंने मुझे बुलाया और मेरी राय पूछी और हमने हर मुद्दे पर चर्चा की है। मैं विधायकों और समर्थकों को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मेरा समर्थन किया। आखिरकार पार्टी ने एक फैसला लिया है और मैं इस फैसले का समर्थन करता हूं।'

 

उधर वी. डी. सतीशन के नाम का एलान किए जाने के तुरंत बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला अपने घर से चले गए। यह पता नहीं चल पाया है कि वह कहां गए। केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवारों में रमेश चेन्निथला का नाम भी था। एआईसीसी की ओर से एलान किए जाने के बाद पत्रकार जब वझुथाकाउड स्थित चेन्निथला के घर पर पहुंचे तो कांग्रेस नेता ज्योति कुमार चमाक्कला ने पत्रकारों को बताया कि रमेश चेन्निथला घर पर नहीं हैं, वह पहले ही जा चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: बंगाल की तरह पंजाब में भी DA के सहारे जीत जाएगी BJP? समझिए क्या है समीकरण

 

हालांकि, उन्होंने यह खुलासा नहीं किया कि रमेश चेन्निथला कहां गए थे। ऐसी खबरें हैं कि चेन्निथला ने एआईसीसी के फैसले पर आपत्ति जताई है और हो सकता है कि वह बृहस्पतिवार को होने वाली कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में भी शामिल न हों। उनके करीबी नेताओं ने इन खबरों का खंडन किया और कहा कि रमेश चेन्निथला ने आलाकमान के प्रति कोई असहमति व्यक्त नहीं की।


और पढ़ें