धारचूला में पुष्कर सिंह धामी से पंगा लेने वाले हरीश धामी की कहानी क्या है?
कांग्रेस की छवि आक्रामक राजनीतिक दल की कभी नहीं रही। हरीश धामी का रुख, कांग्रेस के पारंपरिक रुख से इतना अलग है कि अब पार्टी सियासी मुश्किलों में फंस गई है।

हरीश धामी और पुष्कर सिंह धामी। Photo Credit: Social Media
उत्तराखंड में धारचूला विधानसभा सीट से विधायक हरीश धामी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इतने नाराज हैं कि अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री के हटते ही मंच पर हमला बोल दिया। किसी मुख्यमंत्री के मंच पर दिनदहाड़े किसी विधायक ने इस तरह की हरकत उत्तराखंड में बीते एक दशक में किसी से नहीं की थी। हरीश धामी के अलग-अलग वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी इस क्लिप के बहाने राज्य कांग्रेस को घेर रही है। यह विवाद, कांग्रेस के गले की फांस बनता नजर आ रहा है।
शनिवार को जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होने आए थे। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने इसी मंच पर हंगामा किया, माइक फेंका और अपने समर्थकों से कुर्सियां तुड़वाई। उलझने का वीडियो सोशल मीडिया वायरल है। उनके समर्थक हंगामा करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि अगर पुष्कर सिंह धामी उनके सामने चुनावी मैदान में उतरते हैं तो वह हार जाएंगे।
यह भी पढ़ें: 'जो स्क्रिप्ट मिली है, वही पढ़ रहे हैं', ओवैसी-चंद्रशेखर की दोस्ती पर कांग्रेस
नाराजगी किस बात की है?
जौलजीबी मेले में पुष्कर सिंह धामी जनसभा को संबोधित करने वाले थे। हरीश धामी भी चाहते थे कि उन्हें क्षेत्र का विधायक होने की वजह से बोलने का मौका मिले। जब मंच से लोगों को संबोधित करने का मौका उन्हें नहीं मिला वह नाराज होकर भड़क गए। उन्होंने अपने समर्थकों को मंच पर आने का निर्देश दिया। विधायक और समर्थक मंच पर पहुंचे, वहां खूब उत्पात मचाई। समर्थकों ने कुर्सियां फेंकी, माइक तोड़ दिया। खूब हंगामा किया। वीडियो में वह अपना गुस्सा जाहिर करते नजर आ रहे हैं।
हरीश धामी, विधायक:-
मुख्यमंत्री डरकर भाग रहे हैं, क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है। मैं कभी भ्रष्टाचार में शामिल नहीं रहा, इसलिए मुझे किसी बात का डर नहीं है। मैंने मुख्यमंत्री से साफ कह दिया है कि जो कार्रवाई करनी है, कर लें।
क्यों CM धामी से इतने नाराज हैं हरीश धामी?
हरीश धामी का आरोप है कि उन्हें सालों से कानूनी मामलों में उलझाकर रखा गया है। उन्होंने कहा कि एक और केस दर्ज करा दें, वह उसे भी झेल लेंगे। हथकड़ी उनके लिए गहने की तरह है। हरीश धामी ने मुख्यमंत्री को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत हो तो आज ही उपचुनाव में उनके सामने आएं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह मुख्यमंत्री की जमानत जब्त न करा दें तो उनका नाम हरीश धामी नहीं।
https://twitter.com/askbhupi/status/2121566273771548703
किन मुद्दों के सहारे धामी सरकार को घेर रहे हैं?
हरीश धामी ने लिपुलेख तक सड़क को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे आठ साल के एक बच्चे की मौत से जोड़ा। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री एक दिन पहले ही बच्चे के घर शोक जताने गए थे। इसके बावजूद वह इतनी अच्छी सड़क बनाने की बात कह रहे हैं।
विधायक हरीश धामी ने बिटौलगढ़ में आमरण अनशन कर रहे कनार के लोगों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री ठोस कदम उठाएंगे और अपना प्रतिनिधि भेजकर लोगों से अनशन खत्म कराएंगे। मृत बच्चे के परिवार के पास भी मुख्यमंत्री का प्रतिनिधि जाना चाहिए था। सरकार को गलती माननी चाहिए थी।
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी vs जेनी कांड, उत्तराखंड में BJP को दांव मिल गया?
कौन हैं हरीश धामी?
हरीश सिंह धामी तीन बार विधायक रह चुके हैं। वह पहली बार 2012 में इस सीट से जीते थे। इसके बाद उन्होंने 2017 और 2022 का विधानसभा चुनाव भी जीता। साल 2014 में हरीश धामी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के लिए अपनी सीट छोड़ दी थी। इसके बाद उन्हें वन विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया, उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला। साल 2017 में उन्होंने सीट दोबारा जीत ली।
हरीश धामी लोक लेखा समिति और याचिका समिति के सदस्य भी रहे हैं। बाद में वह प्राक्कलन समिति और अनुसूचित जाति, जनजाति व OBC कल्याण समिति में भी रहे। 2017 में चुनाव जीतने के बाद वह फिर अनुसूचित जाति, जनजाति और OBC कल्याण समिति के सदस्य बने। 2022 में वह जीत हासिल करने में कामयाब रहे।
हरीश धामी 50 साल के हैं। वह दिग्गज नेता रहे पान सिंह के बेटे हैं। 12वीं पास हैं और उनकी पत्नी उद्योगपति हैं। पत्नी की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी 'जय माता कंस्ट्रक्शन कंपनी' के नाम से रजिस्टर्ड है। साल 2022 के हलफनामे के मुताबिक उन्होंने अपनी संपत्ति 4 करोड़ से ज्यादा बताई है। उन पर 2 करोड़ से ज्यादा का कर्ज है। उनके कई होटल और बारातघर हैं, मकान हैं और जमीनें हैं। उनके पास पजेरो, थार, एंडेवर, स्विफ्ट, दो मोटरसाइकिल, एक डंपर, दो पोकलेन और एक JCB भी है।
https://twitter.com/AjitSinghRathi/status/2121911302289547404
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड चुनाव: स्कैम नहीं, स्कैंडल बनेंगे सबसे बड़ा मुद्दा?
क्रिमिनल रिकॉर्ड कैसा है?
हरीश धामी के खिलाफ एक आपराधिक मामला लंबित है। यह मुनस्यारी थाने से जुड़ा है और दीदीहाट के न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में चल रहा है। इसमें IPC की धारा 332 और 504 लगी हैं। हलफनामे के अनुसार अभी आरोप तय नहीं हुए हैं। किसी मामले में उन्हें सजा नहीं हुई है।
हरीश धामी के कांड पर पुलिस ने क्या किया है?
पिथौरागढ़ पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने कहा है कि जौलजीबी कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी समेत 6 नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत कार्रवाई की गई है। जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकतम क्या सजा हो सकती है?
जिन धाराओं में उनके खिलाफ केस दर्ज हुए हैं, उनमें अगर सजा हुई तो बुरे फंस सकते हैं। सरकारी कर्मचारी को चोट पहुंचाने के आरोप में धारा 121(1) के तहत 5 साल तक की जेल हो सकती है। इसके अलावा अगर कोई सरकारी कर्मचारी पर हमला करता है या बल का प्रयोग करता है, दंगा या बलवा करता है, या शांति भंग करने के इरादे से अपमान या गाली-गलौज करता है तो धारा 132, धारा 191(2) और धारा 352 के तहत अधिकतम 2 साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है। वहीं अगर कोई सरकारी या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है और दोषी साबित होता है तो धारा 324(3) के तहत उसे अधिकतम 1 साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 'जबरन करा रहे शामिल', प्रीतम सिंह के भाइयों पर केस, फंस गई उत्तराखंड कांग्रेस?
पुलिस क्या कह रही है?
पुलिस का आरोप है कि जौलजीबी मेले में हंगामा किया गया, सरकारी काम में बाधा डाली गई और पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पिथौरागढ़ पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करेगी और सबूतों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद मेला समिति के अध्यक्ष और धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी अपने समर्थकों राम सिंह रोकाया, सौरभ मरतोलिया, नृप सिंह, मनोहर तोलिया, विक्रम दानू और अन्य लोगों के साथ अनुचित भाषा में नारे लगाए।
आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज की गई और तोड़फोड़ भी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने लोगों को शांत करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने पुलिस और अन्य लोगों के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी काम में बाधा पैदा की।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




