आज के दौर में आपने कई ऐसे लोग देखे होंगे जो अपनी मेहनत से कामयाब होते हैं। इसके बावजूद वे लोग कामयाबी से हाथ धो बैठते हैं क्योंकि कई बार वे अपनी पर्सनल बातें दूसरों से शेयर कर देते हैं, जिस वजह से व्यक्ति को दूसरों की बुरी नजर लग जाती है। इसके अलावा, जब व्यक्ति अपने धन-दौलत और सफलता की कहानियां दूसरों को बताता है, तो ऐसी स्थिति में व्यक्ति को घमंड भी हो सकता है। भविष्य में यही घमंड व्यक्ति के विनाश का कारण भी बन सकता है। इसी सिलसिले में महाभारत के विदुर जी ने कुछ बातें बताई थीं, जिनको अपनाकर व्यक्ति अपनी कामयाबी को बरकरार रख सकता है।
महाभारत में विदुर एक ऐसे महान व्यक्ति थे, जिनके पास ज्ञान की भरमार थी। विदुर द्वारा बताई गई बातें आज लोगों के लिए सीख हैं। विदुर जी ने बताया था कि कामयाबी हासिल करने के बाद व्यक्ति को अपनी कुछ बातें दूसरों को नहीं बतानी चाहिए। यानी व्यक्ति को अपने जीवन से जुड़ी कुछ बातें सीक्रेट रखनी चाहिए। आइए जानते हैं कौन सी बातें व्यक्ति को दूसरों को नहीं बतानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: कुश घास का धार्मिक रहस्य: पूजा, हवन और श्राद्ध में क्यों होता है इसका इस्तेमाल?
ये बातें रखें सीक्रेट
धन-संपत्ति का बखान - विदुर नीति के अनुसार जब व्यक्ति धन-संपत्ति से समृद्ध हो जाए, तब व्यक्ति को अपनी आर्थिक स्थिति, धन-दौलत का बखान नहीं करना चाहिए। धन-दौलत का बखान करने से व्यक्ति को न सिर्फ अपनी संपत्ति का घमंड हो जाता है, बल्कि ऐसी स्थिति में व्यक्ति से दूसरे लोग ईर्ष्या करने लगते हैं। जिससे अन्य लोग व्यक्ति की भलाई के बारे में नहीं सोचते हैं। इसलिए व्यक्ति को अपनी धन-दौलत का ढिंढोरा नहीं पीटना चाहिए।
अपनी कमजोरी न बताएं - हर व्यक्ति के कुछ गुण और कुछ कमजोरियां होती हैं। उसी प्रकार कामयाबी हासिल करने के बाद भी व्यक्ति में कुछ कमजोरियां होती हैं, जिन्हें दूसरों से शेयर नहीं करना चाहिए। अगर व्यक्ति अपनी कमजोरी दूसरे व्यक्ति को बता देता है तो दूसरा व्यक्ति कभी इस कमजोरी का फायदा उठा सकता है। इसी वजह से व्यक्ति को अपनी कमजोरी बताने से पहले सोचना चाहिए।
यह भी पढ़ें: सावन शिवरात्रि में व्रत हैं? थकान से ऐसे बचें, रहेंगे एनर्जी से भरपूर
दान दें और भूल जाएं - विदुर जी ने साफ तौर पर बताया है कि व्यक्ति को दान देने के बाद उसे भूल जाना चाहिए, जबकि कई लोग दान-पुण्य करने के बाद उसका ढिंढोरा पीटते हैं। विदुर नीति के अनुसार दान देने वाले व्यक्ति को दूसरों के सामने दान की चर्चा नहीं करनी चाहिए, वरना व्यक्ति को दान का पुण्य नहीं मिलता है।
लक्ष्य न बताएं - कभी भी व्यक्ति को अपने भविष्य के लक्ष्य और रणनीति दूसरों को नहीं बतानी चाहिए। अगर आप दुश्मन के सामने अपने लक्ष्यों का खुलासा करते हैं तो जाहिर है दुश्मन आपके लक्ष्यों में चुनौती बन जाएगा, ताकि आप उसे पूरा न कर पाएं। इसलिए व्यक्ति को अपने लक्ष्यों को हासिल करने से पहले दूसरों को नहीं बताना चाहिए।
यह भी पढ़ें: 14 अगस्त राशिफल: कर्क राशि का बढ़ेगा आत्मविश्वास, सिंह वालों का बढ़ेगा उत्साह
अपमान न बताएं -कई बार लोगों को दूसरों से अपमानित होना पड़ता है, साथ ही कई लोगों को अपनी लव लाइफ में धोखा मिलता है। तो इन बातों को लोगों को भूलकर आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही धोखे और अपमान के किस्सों को दूसरों को नहीं बताना चाहिए। इन किस्सों को बताने से व्यक्ति का दुख बढ़ सकता है।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं।