डॉ संतोष ओझा, वाराणसी | कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवउठनी या प्रबोधिनी एकादशी के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी देवशयनी एकादशी से चार मास तक योगनिद्रा में विश्राम करने के बाद इसी दिन भगवान विष्णु जागते हैं। भगवान के जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश जैसे सभी मांगलिक कार्यों की पुनः शुरुआत हो जाती है। इस पावन अवसर पर घर-घर में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया जाता है।
शास्त्रों के अनुसार, इस दिन तुलसी और शालिग्राम का विवाह करवाने से कन्यादान के समान पुण्य फल की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि जिन दंपतियों के घर में कन्या नहीं होती, वे तुलसी विवाह संपन्न कराकर कन्यादान का सौभाग्य प्राप्त कर सकते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस पूजा से वैवाहिक जीवन में मधुरता आती है। साथ ही विवाह में आ रही अड़चनें दूर होती हैं और घर में सुख-समृद्धि व सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है।
यह भी पढ़ें: राशिफल: गुरुवार को मेष से मीन तक किन्हें मिलेगा भाग्य का साथ? जानें अपना हाल
देवउठनी एकादशी पूजन सामग्री
पूजा शुरू करने से पहले नीचे दी गई सभी सामग्रियों को एक स्थान पर सफाई के साथ इकठ्ठा कर लें।
- मुख्य विग्रह: भगवान विष्णु की प्रतिमा या चित्र और भगवान शालिग्राम जी।
- तुलसी एवं वस्त्र: हरा-भरा तुलसी का पौधा, माता तुलसी के लिए लाल रंग की चुनरी या साड़ी और सोलह श्रृंगार की सामग्री (चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी आदि)।
- मंडप एवं चौकी: मंडप सजाने के लिए गन्ने, लकड़ी की चौकी, और बिछाने के लिए पीला या लाल साफ कपड़ा।
- कलश स्थापना: तांबे या मिट्टी का कलश, आम के पत्ते (पल्लव), मौली (कलावा) और जटा वाला नारियल।
- तिलक एवं पूजा का सामान: हल्दी, कुमकुम, पीला चंदन, और सफेद या काले तिल। विशेष ध्यान रखें कि एकादशी के दिन चावल का प्रयोग वर्जित होता है, इसलिए अक्षत के स्थान पर तिल का ही उपयोग करें।
- दीप एवं सुगंध: धूप, मिट्टी या पीतल का दीपक, शुद्ध देसी घी, रूई की बत्ती, कपूर और सुगंधित पुष्प।
- मीठाई एवं फल: मौसमी फल, विशेष रूप से सिंघाड़ा, आंवला, बेर, केला, अनार और गन्ने के टुकड़े, मिठाई, गुड़, पंचामृत और भगवान विष्णु को अर्पित करने के लिए अलग से रखे गए तुलसी दल।
देवउठनी एकादशी की सरल पूजा विधि
तुलसी विवाह का मुख्य अनुष्ठान गोधूलि वेला या प्रदोष काल (शाम के समय) में करना अत्यंत शुभ माना जाता है। नीचे दिए गए क्रम के अनुसार पूजा संपन्न करें:
- सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें। हाथ में जल, पुष्प और तिल लेकर भगवान विष्णु का ध्यान करते हुए व्रत और तुलसी विवाह का संकल्प लें।
- आंगन या पूजा स्थल को अच्छी तरह साफ करके गंगाजल छिड़कें। एक लकड़ी की चौकी पर पीला या लाल कपड़ा बिछाएं। चौकी के चारों कोनों पर गन्ने बांधकर सुंदर मंडप तैयार करें और इसके बीच में भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी की प्रतिमा तथा कलश स्थापित करें।
- चौकी पर तुलसी के पौधे को दाईं ओर विराजमान करें और उनके समीप भगवान शालिग्राम जी को स्थापित करें। माता तुलसी को लाल चुनरी ओढ़ाएं और उन्हें मेहंदी, बिंदी, चूड़ी सहित संपूर्ण सुहाग की सामग्री अर्पित करें।
- भगवान विष्णु और शालिग्राम जी को शुद्ध जल और पंचामृत से अभिषेक कराएं। इसके पश्चात भगवान को पीला चंदन और तिल अर्पित करें, तथा माता तुलसी को हल्दी और कुमकुम का तिलक लगाएं।
- पीले वस्त्र या मौली से भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का गठबंधन करें। इसके बाद भगवान को ऋतुफल (विशेषकर गन्ना, आंवला, बेर और सिंघाड़ा), गुड़, मिठाई और तुलसी दल का भोग लगाएं।
- घी का दीपक जलाएं। शंख, घंटी या थाली बजाते हुए 'उठो देवा, बैठो देवा, अंगुरिया चटकाओ देवा' के पारंपरिक मंत्र और मंगल गीतों के साथ भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने का आह्वान करें।
- अत में कपूर और घी के दीपक से भगवान विष्णु, शालिग्राम जी और माता तुलसी की आरती करें। पूरे परिवार के साथ मंडप की परिक्रमा करें, पूजा में हुई किसी भी त्रुटि के लिए क्षमा मांगें और सभी में प्रसाद वितरित करें।
यह भी पढ़ें: त्रिपुरासुर का अंत कर शिव कैसे बने त्रिपुरांतक, क्या है देव दीपावली की कहानी?
पूजा के दौरान ध्यान रखने योग्य जरूरी बातें
एकादशी तिथि के दिन तुलसी के पत्ते तोड़ना और पौधे में जल अर्पित करना वर्जित माना जाता है, क्योंकि मान्यता है कि इस दिन माता तुलसी स्वयं निर्जला व्रत रखती हैं। इसलिए पूजा के लिए एक दिन पहले (दशमी तिथि को) ही तुलसी दल तोड़कर रख लें। एकादशी के व्रत और पूजन में चावल (अक्षत) का उपयोग बिल्कुल न करें। इसके स्थान पर सफेद तिल का प्रयोग करें। विवाह संपन्न होने के बाद सुहाग की सामग्री और वस्त्र किसी सुहागिन महिला या ब्राह्मण को दान करना अत्यंत फलदायी माना जाता है।
नोट: इस खबर में लिखी गई बातें धार्मिक और स्थानीय मान्यताओं पर आधारित हैं। हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं।