भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स में शनिवार को गोल्ड मेडल मुकाबला खेला जाएगा। जापान के निशिन शहर के कोरोगी पार्क में यह मैच होना है। खास बात यह है कि एशिया कप के दो फाइनल में अपनी फजीहत करवाने वाले एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी इस मुकाबले के गवाह नहीं बनेंगे। भारत और पाकिस्तान मुकाबला से पहले श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच कांस्य पदक का मैच खेला जाएगा। मोहसिन नकवी इस मैच का भी हिस्सा नहीं बनेंगे।
हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को शिकस्त दी। लेकिन टीम ने मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से मना कर दिया। कुछ देर इंतजार करने के बाद मोहसिन नकवी को निराश होकर स्टेडियम से जाना पड़ा था।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: 44 साल बाद भारत ने चीन को हराकर जीता हॉकी में गोल्ड
विवाद नहीं चाहता जापान
रिपोर्ट के मुताबिक जापान नहीं चाहता कि एशिया कप जैसा विवाद उसकी धरती पर हो। वह मोहसिन नकवी के मामले से भलीभांति परिचित है। यही कारण है कि आइची-नागोया एशियाई खेल एवं एशियाई पैरा खेल आयोजन समिति और एशियाई ओलंपिक परिषद ने इस बात पर संयुक्त फैसला लिया है कि पदक कौन देगा।
नकवी ने सभी टीमों को भेजी शुभकामनाएं
एशियाई क्रिकेट परिषद ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, 'एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी पहले से तय कामों की वजह से एशियन गेम्स 2026 के फाइनल वाले दिन शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल के मैचों से पहले उन्होंने चारों टीमों को अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं।'
'रोमांचक मुकाबला देखने के लिए उत्सुक हू'
मोहसिन नकवी के हवाले से लिखा, 'एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल के मैचों से पहले सभी खिलाड़ियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। कुछ जरूरी कामों की वजह से मैं नागोया नहीं जा पाऊंगा, लेकिन मैं रोमांचक मुकाबले देखने के लिए उत्सुक रहूंगा।' बता दें कि मोहसिन नकवी एसीसी अध्यक्ष के साथ-साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष भी हैं।
यह भी पढ़ें: Asian Games: लवलीना ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल, टॉप 5 में पहुंचा भारत
कब से शुरू हुआ नकवी का बहिष्कार?
पिछले साल पहलगाम आतंकी हमला का असर क्रिकेट के मैदान में भी दिखा। भारतीय सेना ने हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। सुरक्षा बलों के प्रति भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एकजुटता दिखाई और एशिया कप का फाइनल जीतने के बावजूद मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने मना कर दिया।
मोहसिन नकवी यह ट्रॉफी अपने साथ उठा ले गए। आज भी उनके ऑफिस में ट्रॉफी रखी है। अबकी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप का फाइनल जीता। हरमनप्रीत की अगुवाई में टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली। श्रीलंकाई खिलाड़ियों को पुरस्कार देने के बाद नकवी को निराश होकर स्टेडियम लौटना पड़ा। इस बार नकवी ट्रॉफी अपने साथ नहीं ले गए। यह दूसरा मौका था जब भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी का बहिष्कार किया।