टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच एक बड़ा मैच होगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले पाकिस्तान में बाबर आजम की जमकर ट्रोलिंग हुई है। एक लाइव टीवी टॉक शो के दौरान पूर्व पाक खिलाड़ियों राशिद लतीफ, मोहम्मद आमिर और अहमद शहजाद ने बाबर की फॉर्म और स्ट्राइक रेट का मजाक उड़ाया है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक दो मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 61 रन बनाए हैं। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ 15 रन और यूएसए के खिलाफ 46 रन बनाए। उन्होंने भारत के खिलाफ पांच टी20 मैच भी खेले हैं, जिसमें 26.25 की औसत से 105 रन बनाए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ टी20 में सिर्फ एक हाफ-सेंचुरी बनाई है।
यह भी पढ़ें: होटल का बिल नहीं चुकाया... ऑस्ट्रेलिया में बेइज्जत हुए पाकिस्तानी खिलाड़ी
अहमद शहजाद ने कसा तंज
लाइव शो के दौरान चर्चा जब भारत-पाक मैच पर पहुंची, तो अहमद शहजाद ने एक ऐसी शर्त रख दी जिसने सबको हैरान कर दिया। शहजाद ने कहा, 'अगर बाबर आजम भारत के खिलाफ मैच जिताने वाली पारी खेलते हैं, तो शो में मौजूद पूरी जनता के लिए खाना मेरी तरफ से फ्री होगा। वे जो चाहें खाएं, पूरा बिल मैं भरूंगा।'
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: कोलंबो की पिच पर भारत से क्यों मजबूत नजर आ रहा है पाकिस्तान?
आमिर और लतीफ ने किया वार
मजाक का सिलसिला यहीं नहीं थमा। मोहम्मद आमिर से जब उनकी शर्त पूछी गई और सुझाव दिया गया कि क्या वे बाबर की शानदार बल्लेबाजी पर अपना संन्यास वापस लेंगे? इस पर आमिर ने हंसते हुए कहा कि अगर बाबर 30 से ज्यादा रन भी बना लें, तो वे इस पर विचार करेंगे। तभी पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने अपनी बात सामने रखी। उन्होंने बाबर के क्रीज पर ज्यादा देर न टिक पाने की कमजोरी पर तंज कसते हुए कहा, 'वो वैसे भी इतनी लंबी बल्लेबाजी नहीं कर पाते, इसलिए ये सारी शर्तें बदल दो, इनका कोई मतलब नहीं है।' लतीफ की इस बेबाक टिप्पणी पर पूरा स्टूडियो ठहाकों से गूंज उठा।