इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) की तैयारियों के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के एक पुराने फैसले ने क्रिकेट गलियारों में फिर से बहस छेड़ दी है। टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर और पूर्व कोच अनिल कुंबले ने KKR द्वारा अपने खिताबी कप्तान श्रेयस अय्यर को रिलीज करने के फैसले की कड़ी आलोचना की है। कुंबले का मानना है कि एक ऐसी टीम जिसने IPL 2024 में ट्रॉफी जीती हो, उसका अपने मुख्य नेतृत्वकर्ता को छोड़ देना समझ से परे है और यह फैसला टीम को भविष्य में भारी पड़ सकता है।
अनिल कुंबले ने तर्क दिया कि IPL जैसे हाई-वोल्टेज टूर्नामेंट में निरंतरता ही सफलता की कुंजी होती है। KKR ने श्रेयस अय्यर और धाकड़ सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट को बाहर का रास्ता दिखाकर अपनी उस जीतने वाली बुनियादी टीम को कमजोर कर दिया है जिसने फ्रेंचाइजी को उसका तीसरा खिताब जिताया था। कुंबले के अनुसार, इस फैसले ने KKR को एक ऐसे मैदान पर लाकर खड़ा कर दिया है जहां उनके पास अब कोई IPL विजेता कप्तान मौजूद नहीं है।
यह भी पढ़ें: क्रिकेटर कुलदीप यादव ने रचाई शादी, वंशिका संग लिए सात फेरे, देखें पहली तस्वीर
अनिल कुंबले का बयान
अनिल कुंबले ने जियोहॉटस्टार पर बात करते हुए कहा कि KKR ने अपनी विनिंग टीम के दो सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों श्रेयस अय्यर और फिल साल्ट को छोड़कर निरंतरता खो दी है। कुंबले ने कहा, 'दो साल पहले KKR ने अपना तीसरा आईपीएल खिताब जीता था। उस जीत में अय्यर और साल्ट दो अहम कड़ी थे, लेकिन KKR ने दोनों को जाने दिया। श्रेयस को छोड़ने के फैसले ने टीम को बिना किसी आईपीएल विजेता कप्तान के छोड़ दिया है।'
अनिल कुंबले ने उदाहरण देते हुए बताया कि श्रेयस ने पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ जुड़ते ही अपनी लीडरशिप का लोहा मनवाया और उस टीम को फाइनल तक ले गए जो पिछले एक दशक से खिताबी मुकाबले के लिए तरस रही थी।
यह भी पढ़ें: कौन हैं बिहार के प्रीतम राज, जिन्हें नमन अवॉर्ड में सम्मानित करेगा BCCI?
KKR के लिए अय्यर की कप्तानी के आंकड़े
श्रेयस अय्यर ने 2022 से 2024 के बीच कुल 29 IPL मैचों में KKR की कप्तानी की। इनमें से KKR ने 17 मैचों में जीत हासिल की, जबकि 11 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अय्यर का जीत का प्रतिशत 58.62 है, जो उन्हें इस फ्रेंचाइजी का अब तक का सबसे सफल कप्तान बनाता है।