रांची में हो रही नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में शुक्रवार (22 मई) को पुरुषों की 100 मीटर की रेस में गजब का नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह ने महज 5 मिनट के भीतर दो बार नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा।
सेमीफाइनल की पहली हीट में गुरिंदरवीर ने 10.17 सेकंड का समय निकालकर अनिमेष के 10 महीने पुराने 10.18 सेकंड के नेशनल रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। हालांकि गुरिंदरवीर का यह रिकॉर्ड कुछ ही मिनट टिक पाया। दूसरी सेमीफाइनल हीट में अनिमेष ने 10.15 सेकंड का समय निकालकर फिर से नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें: प्लेऑफ करीब आते ही बुरी तरह पिटे RCB के गेंदबाज, भुवी ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
फाइनल में होगी रोमांचक भिड़ंत
ओडिशा का प्रतिनिधित्व कर रहे अनिमेष एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए निर्धारित 10.16 सेकंड के क्वालिफिकेशन मानक से कम समय में रेस पूरी करने वाले पहले भारतीय एथलीट भी बन गए हैं। वहीं गुरिंदरवीर सिर्फ 0.01 सेकंड से चूक गए। अब शनिवार को फाइनल में अनिमेष और गुरिंदरवीर के बीच एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
दीपक भट्ट ने जीती 10 हजार मीटर की रेस
सुबह के सेशन में दीपक भट्ट ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ 29 मिनट 42.93 सेकंड के साधारण समय के साथ जीती। वहीं कर्नाटक के शिवाजी एम को गर्म मौसम में हुई कठिन दौड़ के दौरान 'डिहाइड्रेशन' की समस्या हुई, जिसके बाद टीम कोचों ने उनकी मदद की। महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में रवीना गायकवाड़ ने 35 मिनट 30.98 सेकंड के समय के साथ जीत हासिल की, जो कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालीफिकेशन मानक 31 मिनट 14.14 सेकंड से काफी पीछे रहा।
यह भी पढ़ें: मलेशिया मास्टर्स: अश्मिता चालिहा का सुनहरा सफर थमा, क्वार्टर-फाइनल में हारीं
फेडरेशन कप एथलेटिक्स 2026: पहले दिन के विनर
पुरुषों की 10000 मीटर (CWG क्वालीफिकेशन - 27:39.03)
- दीपक भट्ट (29:42.93 सेकंड)
- शैलेश कुशवाहा (29:57.56 सेकंड)
- प्रशांत चौधरी (30:36.97 सेकंड)
महिलाओं की 10000 मीटर (CWG क्वालीफिकेशन - 31:14.14)
- रवीना गायकवाड़ (35:30.98 सेकंड)
- सोनिया (36:16.22 सेकंड)
- आरती पवारा (36:24.79 सेकंड)
पुरुषों का हैमर थ्रो (CWG क्वालीफिकेशन - 73.09 मीटर)
- आशीष जाखर (68.52 मीटर)
- दमनीत सिंह (67.62 मीटर)
- अजय कुमार (64.93 मीटर)
महिलाओं का लॉन्ग जंप (CWG क्वालीफिकेशन - 6.84 मीटर)
- एंसी सोजन (6.75 मीटर)
- शैली सिंह (6.58 मीटर)
- भवानी यादव (6.39 मीटर)
महिलाओं का डिस्कस थ्रो (CWG क्वालिफिकेशन - 56.85 मीटर)
- सीमा (57.29 मीटर)
- निधि रानी (55.05 मीटर)
- कृष्णा जयशंकर (55.00 मीटर)
पुरुषों का 3000 मीटर स्टीपलचेज (CWG क्वालिफिकेशन - 8:30.26 सेकंड)
- बालकिशन (8:56.01 सेकंड)
- शाहरुख खान (8:56.63 सेकंड)
- सुनील जिनाभाई (8:58.3 सेकंड)
महिलाओं का 3000 मीटर स्टीपलचेज (CWG क्वालिफिकेशन - 9:27.41 सेकंड)
- अंकिता (9:48.16 सेकंड)
- प्राची देवकर (10:16.29 सेकंड)
- अंजू (10:28.23 सेकंड)