इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के आगाज से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खेमे से एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर अब लखनऊ की जर्सी में नजर आएंगे। प्रैक्टिस सेशन के दौरान अर्जुन और टीम के कप्तान ऋषभ पंत के बीच हुई बातचीत ने यह साफ कर दिया है कि अर्जुन न केवल अपने पिता के नक्शेकदम पर चल रहे हैं, बल्कि उनकी विरासत को भी बखूबी संभाल रहे हैं।
LSG के ट्रेनिंग कैंप के दौरान ऋषभ पंत और अर्जुन तेंदुलकर के बीच गहरी बॉन्डिंग देखने को मिली। पंत ने जहां युवा खिलाड़ी को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया, वहीं वह अर्जुन के समर्पण को देख दंग रह गए। अर्जुन ने बताया कि अपनी शादी के ठीक अगले ही दिन दिग्गज युवराज सिंह के साथ पसीना बहाने मैदान पर उतर आए थे। हालांकि, बातचीत का सबसे रोमांचक मोड़ तब आया जब बल्ले के वजन का जिक्र छिड़ा। अर्जुन के खुलासे ने पंत को हैरान कर दिया और एक बार फिर क्रिकेट के गलियारों में मास्टर ब्लास्टर की यादें ताजा कर दीं।
यह भी पढ़ें: 'चीफ सेलेक्टर बने रहने दो…', T20 वर्ल्ड कप जीत के बाद BCCI से अजीत अगरकर की मांग
अर्जुन तेंदुलकर की बात से चौंके ऋषभ पंत?
प्रैक्टिस के दौरान जब ऋषभ पंत ने अर्जुन तेंदुलकर से उनके बल्ले का वजन पूछा तो जवाब सुनकर पंत चौंके गए। अर्जुन ने बताया कि वह 1220 ग्राम के बल्ले से खेलते हैं। यह वजन पंत के अपने बल्ले से करीब 500 ग्राम ज्यादा है। जब पंत ने हैरानी जताते हुए भारी बल्ले का फायदा पूछा तो अर्जुन ने मुस्कुराते हुए कहा, 'भारी बल्ले का फायदा यह है कि गेंद को बस टच कर दो और वह रॉकेट की तरह उड़ती है। मैं 1200 ग्राम से कम के बल्ले के बारे में सोचता भी नहीं हूं।'
अर्जुन ने इस बातचीत में अपने पिता सचिन तेंदुलकर का जिक्र करते हुए बताया कि वह तो उनसे भी भारी बल्ले का इस्तेमाल करते थे। अर्जुन के अनुसार, सचिन तेंदुलकर 1310 से 1315 ग्राम के बल्ले से खेलते थे। गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर अपने पूरे करियर के दौरान अपने दौर के खिलाड़ियों की तुलना में सबसे भारी बल्ला इस्तेमाल करने के लिए मशहूर थे।
यह भी पढ़ें: ईशान किशन जैसी फॉर्म... SMAT में काटा गदर, अब KKR को चैंपियन बनाएंगे अनुकूल रॉय?
अर्जुन तेंदुलकर का IPL करियर
मुंबई इंडियंस के साथ दो सीजन बिताने के बाद अर्जुन तेंदुलकर अब लखनऊ सुपर जाइंट्स की जर्सी में नजर आएंगे। 30 लाख रुपये की बेस प्राइस पर खरीदे गए अर्जुन के करियर के लिए यह सीजन टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकता है। मुंबई इंडियंस ने अर्जुन को IPL में अब तक केवल पांच मैच खेलने का मौका दिया है। अर्जुन ने साल 2023 में IPL में डेब्यू किया था।