एशियन गेम्स 2026 के विमेंस क्रिकेट इवेंट के फाइनल मुकाबले में भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने है। जापान के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जा रहे इस गोल्ड मेडल मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन का स्कोर खड़ा किया है। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 45 गेंद में 79 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
ऋचा घोष ने 22 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के उड़ाते हुए 49 रन ठोक मजबूत फिनिश दी। वहीं शानदार फॉर्म में चल रहीं शेफाली वर्मा ने 29 गेंद में 48 रन का योगदान दिया। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और इतने ही छक्के लगाए। स्मृति और शेफाली की जोड़ी ने 99 रन की ओपनिंग साझेदारी कर मजबूत स्कोर की नींव रखी, जिसके बाद ऋचा ने आतिशबाजी दिखाई और टीम को 210 के पार पहुंचाया।
यह भी पढ़ें: 15 साल की उम्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड... जापान के पास है वैभव सूर्यवंशी जैसा टैलेंट
स्मृति ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
उप-कप्तान स्मृति ने फाइनल मुकाबले में अपनी बेहतरीन पारी के दौरान एक खास उपलब्धि हासिल की। वह विमेंसइंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बनीं। स्मृति ने कुछ ही दिनों पहले एशिया कप के दौरान विमेंस क्रिकेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने के मामले में मिताली राज (10,868) को पीछे छोड़ा था। अब उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: भारत 6 मेडल पर अटका, इलावेनिल-पार्थ ब्रॉन्ज भी नहीं जीत सके
गजब की फॉर्म में हैं स्मृति
स्मृति ने बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 19 गेंद में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 37 रन जड़े थे। उन्होंने अपनी इस छोटी लेकिन बेहद आक्रामक पारी के दौरान भी कई रिकॉर्ड बनाए थे। वह विमेंस क्रिकेट में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाली खिलाड़ी बनी थीं। इसके अलावा उन्होंने विमेंस टी20 इंटरनेशनल में 100 छक्के पूरे किए। इस मुकाम तक पहुंचने वाली वह पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। अब फाइनल में स्मृति ने इतिहास रच दिया है।