इंडिया-ए की टीम दूसरा वनडे मुकाबला भी हार गई है। पुडुचेरी क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया-ए ने पहले बैटिंग करते हुए 275 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंडिया-ए की पूरी पारी 45.2 ओवर में 206 पर ही सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया-ए ने 69 रन से जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। उसने पहला मुकाबला 125 रन के बड़े अंतर से जीता था। 274 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इंडिया-ए महज 149 पर ढेर हो गई थी। दूसरे वनडे में इंडिया-ए ने जुझारूपन दिखाया लेकिन रजत पाटीदार और अनुकूल रॉय को छोड़कर कोई नहीं चल सका, जिससे टीम को फिर से करारी हार का सामना करना पड़ा।
स्टार बल्लेबाज फिर हुए फेल
भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ लगातार दूसरे मैच में नाकाम रहे। ऑस्ट्रेलिया-ए के लिए सैम कॉन्स्टास ने 88 गेंद में 67 रन की पारी खेली। जोश फिलिप ने 58 गेंद में 58 रन जड़े। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी हुई, जिससे ऑस्ट्रेलिया-ए ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके बाद स्पेंसर जॉनसन, राइली मेरेडिथ और जेसन सांघा ने इंडिया-ए को सस्ते में समेट दिया।
यह भी पढ़ें: Asian Games: सेना के खिलाड़ियों ने जीते 20 मेडल, नीरू ढांडा और गुलवीर सबसे सफल
रजत पाटीदार ने 82 गेंद में 67 रन बनाए। वहीं अनुकूल रॉय 40 गेंद में 34 रन बनाकर नाबाद रहे। पडिक्कल (1), गायकवाड़ (12) और सुदर्शन (13) सस्ते में आउट हुए। इंडिया-ए ने 9 ओवर के अंदर 30 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। पादार ने एक छोर संभाले रखा लेकिन उनके आउट होने के बाद वापसी की उम्मीदें खत्म हो गई। आस्ट्रेलिया-ए की ओर से जॉनसन ने 8 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट झटके।
यह भी पढ़ें: हॉकी: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हुआ पाकिस्तान, बांग्लादेश को मिला मौका
लोअर ऑर्डर भी नाकाम
टॉप ऑर्डर के बिखरने के बाद लोअर मिडिल ऑर्डर भी नाकाम रहा। विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र 17 रन बनाकर चलते बने। वहीं निशांत सिंधु (13) और सूर्यांश शेडगे (10) भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। विपराज निगम ने 16 गेंद में तेजी से 23 रन जोड़े लेकिन जेसन सांघा ने ज्यादा देर तक उनकी पारी नहीं चलने दी। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट झटके, जिससे मैच कभी भी उससे दूर जाता नहीं दिखा। इस सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार (11 अक्टूबर) को खेला जाएगा। इसमें जीत हासिल कर भारतीय टीम अपना सम्मान बचाना चाहेगी।