भारत का चेस की दुनिया में डंका बज रहा है। डी गुकेश, आर प्रज्ञानानंदा और दिव्या देशमुख जैसे स्टार लगातार खिताब जीत रहे हैं, तो वहीं युवा खिलाड़ी भी जूनियर सर्किट में कमाल कर रहे हैं। मुंबई में आयोजित जूनियर एशियन चेस चैंपियनशिप 2026 के ओपन और गर्ल्स दोनों वर्गों में भारतीय खिलाड़ी चैंपियन बने हैं।
मयक चक्रवर्ती ने ओपन वर्ग में खिताब जीता है। वहीं प्रतीति बोरदोलोई ने गर्ल्स वर्ग का टाइटल अपने नाम किया। मयंक और प्रतीति फाइनल राउंड से पहले संभावित 8 में से 7-7 अंक हासिल किए थे। उन्होंने आखिरी राउंड में ड्रॉ खेलकर अपने-अपने खिताब पक्के किए। दोनों ही अपने-अपने वर्ग में रनर-अप से आधे अंक आगे रहे।
यह भी पढ़ें: ग्रैंड चेस टूर के फाइनल में प्रज्ञानानंदा, अब अमेरिकी खिलाड़ी से खिताबी जंग
मयंक-प्रतीति को AICF अध्यक्ष ने दी बधाई
असम से आने वाले मयंक इसी साल ग्रैंडमास्टर बने हैं। वह नॉर्थ-ईस्ट के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल किया है। वहीं 13 साल की प्रतीति बेंगलुरु से हैं। उन्होंने पिछले महीने ही 2026 वर्ल्ड जूनियर चेस चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।
जूनियर एशियन चेस चैंपियनशिप में इन दोनों युवा स्टार्स की जीत पर ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के अध्यक्ष नीतिन नारंग ने बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा कि आप दोनों आगे भी इसी तरह जीत हासिल करते रहें और भारत का मान बढ़ाएं। यही हमारी कामना है।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा के अलावा किनसे है गोल्ड की उम्मीदें?
भारत के अन्य खिलाड़ियों का क्या रहा हाल?
ओन वर्ग में दक्ष गोयल, घडगे हर्ष, शरणार्थी वीरेश, विग्नेश अद्वैत वेमुला, अपूर्व काम्बले, माधवेंद्र प्रताप शर्मा ने संभावित 9 में से 6.5-6.5 अंक हासिल किए। वहीं गर्ल्स वर्ग में प्रिशिता गुप्ता ने 6.5, जबकि दक्षिता कुमावत और आद्या गौड़ा ने 5.5-5.5 अंक जुटाए।