भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत 15 अगस्त से होनी है। इस सीरीज से पहले टीम इंडिया कोलंबो के NCC ग्राउंड में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ 3 दिवसीय वार्म-अप मुकाबला खेल रही है। वार्म-अप मुकाबले के दूसरे दिन (8 अगस्त) टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने आतिशी शतकीय पारी खेली है। पडिक्कल ने भारतीय पारी के 40वें ओवर में चौका जड़कर 121 गेंद में अपना शतक पूरा किया।
बाएं हाथ के बल्लेबाज पडिक्कल की यह पारी उस समय आई, जब टीम इंडिया ने दिन की दूसरी ही गेंद पर
यशस्वी जायसवाल
(0) का विकेट गंवा दिया था। इस समय भारतीय टीम का खाता भी नहीं खुला था। क्रीज पर उतरे पडिक्कल ने पहले ही ओवर से श्रीलंकाई गेंदबाजों की क्लास लगानी शुरू कर दी। उन्होंने जबरदस्त लय में बैटिंग करते हुए 61 गेंद में अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। पडिक्कल ने अर्धशतक जड़ने के बाद भी श्रीलंकाई गेंदबाजों को नहीं बख्शा और अगली 60 गेंद में अपने फर्स्ट क्लास करियर के 10वें शतक तक का सफर तय कर लिया।
यह भी पढ़ें: पहले वनडे और टी20I, अब टेस्ट में भी कैसे पिछड़ रहे हैं कुलदीप?
नंबर-3 पर पडिक्कल की जगह पक्की?
पडिक्कल ने जैसे ही शतक पूरा किया, उन्हें वापस बुला लिया लगा। यानी वह 121 गेंद में 14 चौकों की मदद से 103 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। पडिक्कल ने इस शतकीय पारी के साथ टीम इंडिया की नंबर-3 की टेंशन खत्म कर दी है। गॉल टेस्ट के लिए उनकी भारत की प्लेइंग-XI में जगह पक्की मानी जा रही है। साई सुदर्शन गॉल टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में पडिक्कल ने नंबर-3 स्पॉट को लगभग अपने नाम कर लिया है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं यूपी के आशीष यादव, जिन्होंने जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा जैसा किया कमाल?
पडिक्कल के बेहतरीन हैं आंकड़े
रेड बॉल क्रिकेट में पडिक्कल के आंकड़ों की बात करें तो पडिक्कल ने अब तक 57 मैचों में 44.35 की औसत से 3903 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 232 रहा है। पडिक्कल ने भारतीय टीम के लिए 2 टेस्ट मैच भी खेले हैं, जिसमें उनके नाम 90 रन दर्ज है। पडिक्कल ने 2024 में धर्मशाला में अपना टेस्ट डेब्यू करते हुए 65 रन की पारी खेली थी।