भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में जारी है। मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी है। डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स की ओपनिंग जोड़ी ने 117 रन की साझेदारी कर कीवी टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। कॉनवे-निकोल्स ने 21 ओवर तक भारतीय गेंदबाजों का सफलता से दूर रखा और बड़ी उपलब्धि हासिल की।
कॉनवे-निकोल्स की जोड़ी ने वनडे इंटरनेशनल में भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड के लिए दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड बनाया। एंड्रयू जोन्स और जॉन राइट ने 1988 में 140 रन की साझेदारी की थी। कॉनवे और निकोल्स इस रिकॉर्ड को तोड़ने से भले ही चूक गए लेकिन उन्होंने 27 साल का सूखा खत्म किया। दरअसल, 1999 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने भारत में टीम इंडिया के खिलाफ ODI मैच में शतकीय साझेदारी निभाई।
यह भी पढ़ें: एक बार फिर चोटिल हो गए ऋषभ पंत, नहीं खेल पाएंगे न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज?
हर्षित राणा ने दोनों को किया चलता
कॉनवे और निकोल्स की जोड़ी को हर्षित राणा ने तोड़ा। 22वें ओवर की दूसरी गेंद पर हर्षित ने निकोल्स को विकेट के पीछे लपकवाया। निकोल्स ने 69 गेंद में 8 चौकों की मदद से 62 रन की पारी खेली। उनके आउट होने के बाद कॉनवे का भी ध्यान भंग हो गया और वह हर्षित के अगले ओवर में प्लेड ऑन हो गए। कॉनवे ने 67 गेंद में 56 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 1 छक्का निकला।
यह भी पढ़ें: भारत या न्यूजीलैंड, आखिरी 10 वनडे सीरीज में किसका रहा है दबदबा?
न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ाई
कॉनवे-निकोल्स के आउट होते ही न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ा गई। खबर लिखे जाने तक 198 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी पारी सिमट गई गई है। भारतीय गेंदबाज लगातार अंतराल पर विकेट निकाल रहे हैं। कीवी टीम को डैरिल मिचेल से उम्मीदें हैं कि वह स्कोर को 300 के आस-पास लेकर जाएं। उनके साथ क्रीज पर कप्तान माइकल ब्रेसवेल हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
न्यूजीलैंड - डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डैरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रैसवेल (कप्तान), जैक फाउल्क्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, आदित्य अशोक
भारत - शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा