क्रिकेट जगत से दिल दहला देने वाली खबर आ रही है। बीच मैच में हार्ट अटैक आने से कर्नाटक के पूर्व तेज गेंदबाज SL अक्षय का निधन हो गया है। अक्षय रविवार (24 मई) को कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिशन (KSCA) के तीसरे डिवीजन मैच में सैफायर CC की ओर से खेल रहे थे। मैच के दौरान 4 ओवर डालने के बाद अक्षय ने असहज महसूस होने की शिकायत की और मैदान से बाहर चले गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अक्षय 39 साल के थे। वह 2014-15 सीजन की रणजी चैंपियन बनने वाली कर्नाटक टीम का हिस्सा रहे थे। हालांकि उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कर्नाटक का आखिरी बार 2012 में प्रितिनिधित्व किया था। अक्षय ने कर्नाटक के लिए 6 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसमें उन्होंने 18 विकेट झटके।
यह भी पढ़ें: BCCI से है बैन खतरा, फिर भी नखरा कर रहे हैं विदेशी खिलाड़ी, भड़के PBKS के मालिक
जूनियर लेवल कोचिंग देते थे अक्षय
KSCA ने अक्षय के निधन पर शोक जताया है। उसने अपने बयान में कहा, 'अक्षय ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कर्नाटक का शानदार प्रतिनिधित्व किया। अपने खेल करियर के बाद भी उन्होंने पूरे समर्पण और जुनून के साथ क्रिकेट की सेवा जारी रखी।'
अक्षय ने जूनियर लेवल पर कोच के रूप में युवा खिलाड़ियों को निखारने और उनका मार्गदर्शन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसका कर्नाटक में क्रिकेट प्रतिभाओं के विकास पर स्थायी प्रभाव पड़ा। उन्होंने 2011 से 2013 के बीच कर्नाटक के लिए 6 फर्स्ट क्लास मैच खेलने के अलावा 3 लिस्ट-ए और 9 टी20 मुकाबलों में उतरे थे। प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद वह कर्नाटक की अंडर-19 टीम के साथ कोचिंग से जुड़े हुए थे।
यह भी पढ़ें: प्लेऑफ में पहुंच तो गई राजस्थान रॉयल्स, एलिमिनेटर से आगे बढ़ पाएगी?
डोडा गणेश ने जताया शोक
भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज डोडा गणेश ने अक्षय के निधन पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'क्रिकेट जगत के लिए बेहद दुखद खबर। 39 साल तेज गेंदबाज SL अक्षय, जिन्हें मैंने अंडर-19 दिनों से करीब से देखा था, उनका आज एक डिवीजन मैच खेलते हुए निधन हो गया। मेरे पास अपने दुख को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। शांत स्वभाव के इस शख्स ने 2011/12 में कर्नाटक के लिए खेलते हुए अच्छी सफलता हासिल की थी, वह अब हमारे बीच नहीं हैं। अक्षय की आत्मा को शांति मिले।'