logo

मूड

ट्रेंडिंग:

शुभमन गिल की सेंचुरी ने GT को दिलाया फाइनल का टिकट, राजस्थान रॉयल्स का सपना टूटा

गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के दूसरे क्वालिफायर में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री ले ली है, जहां उसकी टक्कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी।

Gill Century IPL 2026

RR के खिलाफ शतक लगाने के बाद जश्न मनाते शुभमन गिल, Photo Credit: IPL/X

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) का आमना-सामना हुआ। शुक्रवार (29 मई) को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मुकाबले में GT ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। RR ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे GT ने कप्तान शुभमन गिल की आतिशी सेंचुरी की मदद से 18.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। GT अब खिताबी मुकाबले में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।

गिल-सुदर्शन ने RR को किया मैच से बाहर

विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी GT को गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 12.5 ओवर में 167 रन की ओपनिंग साझेदारी कर RR को मैच से बाहर कर दिया। सुदर्शन 32 गेंद में 58 रन बनाकर हिट विकेट आउट हुए। वह क्वालिफायर 1 में RCB के खिलाफ इसी अंदाज में आउट हुए थे। वह जब आउट हुए, उस समय GT को 43 गेंद में महज 48 रन की जरूरत थी। गिल 95 रन बनाकर क्रीज पर खड़े थे। उन्होंने 14वें ओवर में रवींद्र जडेजा के खिलाफ चौका जड़कर 47 गेंद में अपनी पांचवीं IPL सेंचुरी पूरी की।

 

यह भी पढ़ें: IPL में सबसे तेज 1000 रन... वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड

 

गिल GT को जीत के करीब पहुंचाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 53 गेंद में 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 104 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद जोस बटलर (नाबाद 9), वॉशिंगटन सुंदर (16) और राहुल तेवतिया (नाबाद 17) ने GT को बिना किसी परेशानी के लक्ष्य तक पहुंचा दिया। यह IPL में GT का सबसे सफल रन चेज रहा। RR की ओर से जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने 1-1 विकेट लिए। 

वैभव सूर्यवंशी की मेहनत पर फिरा पानी

RR ने पहले बैटिंग करते हुए दो ओवर के अंदर ही यशस्वी जायसवाल (1) और ध्रुव जुरेल (7) के विकेट खो दिए थे। वैभव सूर्यवंशी ने यहां से रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और पावरप्ले की समाप्ति तक RR को 70 रन तक पहुंचा दिया। जडेजा आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन चोट के चलते वह 82 के स्कोर पर रिटायर हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद RR ने लगातार अंतराल पर कप्तान रियान पराग (11), दसुन शनाका (3) और जोफ्रा आर्चर के विकेट गंवाए, जिससे उसका स्कोर 118/5 हो गया था।

 

यह भी पढ़ें: आंतरिक कलह से टूट चुके हैं हार्दिक पंड्या, IPL 2026 के बाद MI से तोड़ा नाता!

 

वैभव एक छोर पर टिके हुए थे। आधी टीम सिमटने के बाद उन्हें जडेजा का फिर से साथ मिला। हालांकि जडेजा इस बार धीमे पड़ गए लेकिन वैभव ने 31 गेंद में फिफ्टी पूरी करने के बाद अगली 16 गेंद में 46 रन ठोक दिए। उन्होंने 47 गेंद में 8 चौके और 7 छक्के उड़ाते हुए 96 रन जड़ RR को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके आउट होने के बाद डोनोवन फरेरा ने 11 गेंद में 38 रन की नाबाद आतिशी पारी खेल RR को लड़ने लायक स्कोर तक लेकर गए लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ। GT की ओर से कैगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट लिए।


और पढ़ें