logo

मूड

ट्रेंडिंग:

IPL में सबसे तेज 1000 रन... वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड

युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी IPL में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आंद्रे रसेल जैसे दिग्गज का रिकॉर्ड तोड़ा है।

Vaibhav Sooryavanshi GT vs RR IPL 2026

गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपनी 96 रन की पारी के दौरान शॉट खेलते वैभव सूर्यवंशी, Photo Credit: IPL/X

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में फिर से बड़ा धमाका किया है। वैभव ने आंद्रे रसेल जैसे दिग्गज का IPL में सबसे तेज 1000 रन का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए महज 440 गेंदें लीं। वहीं रसेल ने हजार रन के आंकड़े को पार करने के लिए 545 गेंदें खेली थीं। वैभव ने शुक्रवार (29 मई) को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ क्वालिफायर 2 में 47 गेंद में 96 रन की अपनी आतिशी पारी के दौरान रसेल का रिकॉर्ड तोड़ा।

IPL में सबसे तेज 1000 रन (गेंदों के लिहाज से)

  • वैभव सूर्यवंशी - 440 गेंदें
  • आंद्रे रसेल - 545 गेंदें
  • टिम डेविड - 560 गेंदें
  • ट्रेविस हेड - 575 गेंदें
  • फिल सॉल्ट - 575 गेंदें
  • हेनरिक क्लासेन - 594 गेंदें
  • वीरेंद्र सहवाग - 604 गेंदें

यह भी पढ़ें: आंतरिक कलह से टूट चुके हैं हार्दिक पंड्या, IPL 2026 के बाद MI से तोड़ा नाता!

वैभव इस मामले में दूसरे सबसे तेज एक हजारी

राजस्थान रॉयल्स (RR) के ओपनर वैभव अपना दूसरा ही IPL सीजन खेल रहे हैं और नित नए दिन दिग्गजों के रिकॉर्ड को ध्वस्त करते जा रहे हैं। वैभव ने 23वीं पारी में 1000 रन के आंकड़े को पार किया है। पारियों के लिहाज से इस मुकाम तक सबसे तेज पहुंचने के मामले में वह संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। शॉन मार्श ने 21 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे। उनके बाद लेंडल सिमंस (23 पारियां) का नाम था, जिनकी वैभव ने बराबरी कर ली है।

IPL में सबसे तेज 1000 रन (पारियों के लिहाज से)

  • शॉन मार्श - 21 पारियां
  • लेंडल सिमंस - 23 पारियां
  • वैभव सूर्यवंशी - 23 पारियां
  • डेवोन कॉनवे - 24 पारियां
  • मैथ्यू हेडन - 25 पारियां
  • साई सुदर्शन - 25 पारियां

यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत ने छोड़ी LSG की कप्तानी, फ्रेंचाइजी ने किया ऐलान

वैभव ने RR को बड़े स्कोर तक पहुंचाया

क्वालिफायर 2 में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी RR ने वैभव और डोनोवन फरेरा की विस्फोटक पारियों की बदौलत 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन का स्कोर खड़ा किया है। वैभव शुरू में संघर्ष कर रहे थे लेकिन उन्होंने अपना विकेट नहीं फेंका और 47 गेंद में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 96 रन जड़े। फरेरा ने 11 गेंद में नाबाद 38 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। रवींद्र जडेजा 35 गेंद में नाबाद 45 रन बनाकर नाबाद लौटे। 

 

वैभव ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंद में 97 रन ठोके थे। अब एक और बड़ी पारी खेल उन्होंने ऑरेंज कैप की रेस में बड़ी लीड हासिल कर ली है। वैभव मौजूदा सीजन में 776 रन बना चुके हैं। वह किसी एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। अगर RR की टीम GT को हराकर फाइनल में जगह बनाती है, तो वैभव के पास 800 रन पूरे करने का मौका रहेगा।

एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा रन

  • विराट कोहली (2016) - 973 रन
  • जोस बटलर (2022) - 863 रन
  • डेविड वॉर्नर (2016) - 848 रन
  • वैभव सूर्यवंशी (2026) - 776 रन
  • साई सुदर्शन (2025) - 759 रन


और पढ़ें