गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन की किस्मत अचानक उनसे रूठ गई है। सुदर्शन को अब गेंदबाज आउट नहीं कर रहे, बल्कि वह बदकिस्मती से अपना विकेट खो दे रहे हैं। मंगलवार (26 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ क्वालिफायर 1 मुकाबले में सुदर्शन हिट विकेट आउट हो गए थे। उन्होंने जैकब डफी की गेंद को कट किया था, जो पॉइंट बाउंड्री के बाहर चली गई लेकिन उनका बल्ला हाथ से छूट गया। सुदर्शन को कुछ अता-पता नहीं था कि बल्ला कहां गया। वह रन के भाग पड़े। इस बीच बल्ला पिच पर गिरा और स्टंप्स से जा टकराया।
सुदर्शन को मायूस होकर पवेलियन लौटना पड़ा। 255 रन के चेज में उनका जल्दी आउट होना GT को महंगा पड़ गया। टीम 19.3 ओवर में 162 पर ही सिमट गई और उसे 92 रन से करारी हार झेलनी पड़ी और वह फाइनल में जगह बनाने का पहला मौका चूक गई। खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल करने के लिए उसे शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) से क्वालिफायर 2 में भिड़ना पड़ा। न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मुकाबले में RR ने 215 रन का टारगेट रखा था, जिसके जवाब में कप्तान शुभमन गिल और सुदर्शन ने GT को 12.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के 167 रन तक पहुंचा दिया था। GT बेहद आसान जीत के करीब थी, तभी सुदर्शन फिर से हिट विकेट आउट हो गए।
यह भी पढ़ें: IPL में सबसे तेज 1000 रन... वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड
इस बार बल्ला सीधे स्टंप्स पर गया
सुदर्शन ने बृजेश शर्मा की बाहर की फुल टॉस गेंद पर बल्ले का चेहरा खोलकर शॉट खेला। गेंद शॉर्ट थर्ड के बाईं ओर से निकल गई लेकिन उनके हाथ से बल्ला छूटा और सीधे स्टंप पर जा गिरा। सुदर्शन को यकीन नहीं हो रहा था कि लगातार दूसरे मैच में उनके साथ हुआ क्या है। दूसरे छोर पर खड़े गिल भी हैरान रह गए। सुदर्शन की 58 रन की बेहतरीन पारी का अंत नाटकीय अंदाज में हुआ। वह IPL में तीसरी बार हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे। बता दें कि इस लीग में सुदर्शन के अलावा कोई भी बल्लेबाज एक बार से ज्यादा हिट विकेट आउट नहीं हुआ है। ओवरऑल टी20 की बात करें तो शोएब मलिक और आंद्रे रसेल भी 3-3 बार हिट विकेट आउट हुए हैं।
यह भी पढ़ें: आंतरिक कलह से टूट चुके हैं हार्दिक पंड्या, IPL 2026 के बाद MI से तोड़ा नाता!
अपना काम कर चुके थे सुदर्शन
सुदर्शन इस बार आउट होने से पहले अपना काम कर चुके थे। सुदर्शन जब आउट हुए, उस समय GT को 43 गेंद में महज 48 रन की जरूरत थी। गिल 95 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने 47 गेंद में अपनी पांचवीं IPL सेंचुरी पूरी की। हालांकि इसके बाद वह भी जल्द ही आउट हो गए।
गिल ने 53 गेंद में 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 104 रन की जबरदस्त पारी खेली। उनके पवेलियन लौटने के बाद जोस बटलर (नाबाद 9), वॉशिंगटन सुंदर (16) और राहुल तेवतिया (नाबाद 17) ने GT को बिना किसी परेशानी के 18.4 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। GT ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर फाइनल में धमाकेदार एंट्री ली, जहां वह रविवार को RCB से भिड़ेगी।