भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट आज (6 जून) से न्यू चंडीगढ़ में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया ने युवा लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार को डेब्यू कैप सौंपी है। सीनियर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की गैरमौजूदगी में सुथार को यह बड़ा मौका मिला है। 23 साल के सुथार घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए खेलते हैं। उन्हें एज ग्रुप क्रिकेट से ही रेड-बॉल स्पेशलिस्ट माना जाता है।
19 की उम्र में किया रणजी डेब्यू
राजस्थान के श्रीगंगानगर में जन्मे मानव सुथार ने 19 साल की उम्र में ही रणजी डेब्यू कर लिया था। उन्होंने फरवरी 2022 में थुम्बा में आंध्र के खिलाफ अपने फर्स्ट क्लास करियर की शुरुआत की, जिसमें उन्हें एक ही सफलता मिली। इसके बाद सुथार को राजस्थान की प्लेइंग-XI से बाहर कर दिया गया। सुथार ने 2022-23 रणजी सीजन में जबरदस्त कमबैक किया और 6 मैचों में ही 39 विकेट झटक लिए। इस प्रदर्शन के बाद उन्हें इंडिया-ए टीम में लगातार मौके दिए गए। उन्होंने इंडिया-ए के लिए 4 मैचों में 17 विकेट लिए हैं। सुथार ने दलीप ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए 7 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 ने कितने नए खिलाड़ियों को टीम इंडिया के करीब पहुंचा दिया है?
रणजी में ठोक चुके हैं शतक
लोअर ऑर्डर के उपयोगी बल्लेबाज सुथार ने इस साल जनवरी में अपने पहला रणजी शतक जड़ा था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ जयपुर में आठवें नंबर पर आकर 330 गेंद में 120 रन की जुझारू पारी खेली थी। सुथार की यह पारी उस समय आई, जब राजस्थान की टीम हिमाचल प्रदेश की पहली पारी के स्कोर (406) के जवाब में 104 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी।
कैसे हैं सुथार के फर्स्ट-क्लास आंकड़े?
सुथार ने अब तक 29 फर्स्ट क्लास मैचों में अब तक 129 विकेट चटका चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 6 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनके नाम 3 बार 10 विकेट हॉल भी दर्ज है। फर्स्ट क्लास मैच में उनका बेस्ट प्रदर्शन 62 रन देकर 11 विकेट है। वहीं एक पारी में उनका बेस्ट बॉलिंग फिगर 8/33 है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बल्ले से भी कमाल करते हुए उन्होंने 25.54 की औसत से 945 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक जड़े हैं।
यह भी पढ़ें: न राशिद हैं न नबी, भारत के सामने कितनी मजबूत है अफगानी टीम?
IPL में सुथार का प्रदर्शन
सुथार IPL में गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस का 2024 से हिस्सा हैं। उन्हें IPL 2026 में 4 मैच खिलाया गया था, जिसमें उन्होंने 3 पारियों में बॉलिंग की और 2 विकेट झटके। सुथार ने अब तक 5 IPL मैच खेले हैं।