ICC टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में आज (5 मार्च) भारत और इंग्लैंड की भिड़ंत होने वाली है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ये दो बड़ी टीमे आमने-सामने होंगी। इंग्लैंड का टूर्नामेंट में कुछ खास शुरुआत नहीं रहा था। वह वानखेड़े में ही नेपाल से हारते-हारते बची थी। इसके बाद इंग्लैंड को इसी मैदान पर वेस्टइंडीज के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। इंग्लिश टीम ने निराशाजनक शुरुआत से उबरकर स्कॉटलैंड और इटली को हराते हुए सुपर-8 में एंट्री ली और फिर सुपर-8 स्टेज में अपने तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
इंग्लैंड की टीम गिरते-पड़ते सेमीफाइनल में पहुंच तो गई है लेकिन उसकी सलामी जोड़ी अभी भी संघर्ष कर रही है। दिग्गज बल्लेबाज जोस बटलर 7 मैचों में महज 62 रन बना पाए हैं। फिल सॉल्ट का भी यही हाल है। सॉल्ट ने 125 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतकीय पारी शामिल है। इन दोनों की मुश्किलें भारत के खिलाफ भी कम नहीं होंगी। जसप्रीत बुमराह का बटलर के खिलाफ बेहतरीन रिकॉर्ड है तो वहीं अर्शदीप सिंह ने फिल सॉल्ट पर अपना दबदबा बनाया हुआ है।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन नहीं, अभिषेक शर्मा तय करेंगे सेमीफाइनल की तस्वीर!
सॉल्ट को 4 बार आउट कर चुके हैं अर्शदीप
बुमराह ने बटलर को 14 टी20 पारियों में 4 बार आउट किया है। इस दौरान बटलर 88 गेंद में महज 79 रन ही बना पाए हैं। बटलर की खराब फॉर्म को देखते हुए उन्हें बड़ा खतरा नहीं माना जा रहा है लेकिन सॉल्ट कभी भी धमाका कर सकते हैं। ऐसे में अर्शदीप सिंह का चलना अहम होगा। अर्शदीप और सॉल्ट का 10 टी20 मैचों में आमना-सामना हुआ है, जिसमें इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सॉल्ट को 4 बार पवेलियन भेजा है। अर्शदीप ने सॉल्ट को खुलकर खेलने का मौका भी नहीं दिया है। उनकी 44 गेंद पर सॉल्ट सिर्फ 50 रन बना पाए हैं।
हैरी ब्रूक का शिकार करेंगे वरुण?
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 228 रन ठोके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला है। ब्रूक अब नंबर-3 पर आ रहे हैं। अगर टीम इंडिया बटलर-सॉल्ट की जोड़ी को शुरुआती ओवरों में ही तोड़ देती है तो उसे ब्रूक को रोकने के लिए पावरप्ले में वरुण चक्रवर्ती को लाना होगा। वरुण ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पावरप्ले में गेंदबाजी नहीं की थी। वरुण को 9वें ओवर तक रोककर रखा गया था लेकिन ब्रूक के लिए उन्हें जल्दी अटैक पर लाया जा सकता है। वरुण ने ब्रूक को 30 गेंद में 3 बार चलता किया है।
वरुण पिछले तीन मैचों में रंग में नहीं दिखे हैं। अर्शदीप भी पिछले मैच में महंगे रहे थे। अगर सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में ये दोनों गेंदबाज चलते हैं तो टीम इंडिया फाइनल का टिकट कटा सकती है।
यह भी पढ़ें: बल्लेबाज या गेंदबाज, वानखेड़े की पिच पर कौन जमाएगा रंग?
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड - फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डावसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद।