युवा सनसनी
वैभव सूर्यवंशी
के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत कुछ खास नहीं रही है। वैभव शनिवार (4 जुलाई) को अपने डेब्यू मैच में 10 गेंद खेलकर 14 रन ही बना सके थे। पार्ट-टाइम ऑफ स्पिनर विल जैक्स ने उन्हें स्टंप आउट करवाया था। वैभव बड़ा शॉट खेलने के लिए क्रीज से आगे निकले थे। विल जैक्स ने भांप लिया और गेंद की लेंथ खींच ली। लाइन भी वैभव से दूर रखा, जिससे वह गेंद तक नहीं पहुंच सके और अपना विकेट फेंककर चलते बने। आउट होने से पहले उन्होंने दो छक्के जरूर लगाए लेकिन मुश्किल समय निकालने के बाद उनका पवेलियन लौटना उनके चाहने वालों को खल गया।
अपने पहले इंटरनेशनल मुकाबले में कोई भी खिलाड़ी नर्वस रहता है। वैभव भी थे। वह अपनी पहली दो गेंदों पर बल्ला भी नहीं लगा सके। इसके बाद उन्होंने बाहर की यॉर्कर गेंद को पॉइंट्स की तरफ खेलना चाहा, जो उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्क्वेयर लेग की तरफ गई और उनका खाता खुला। वैभव ने राहत की सांस ली और अगले ओवर में जोफ्रा आर्चर का स्वागत छक्के के साथ किया। उन्होंने जोश टंग का भी यही हश्र किया और जब लग रहा था कि वह सेट हो गए हैं, तभी वह अपना विकेट गंवा बैठे।
यह भी पढ़ें: 3 साल पहले डेब्यू से चूके, अब फिर टीम इंडिया में मिला मौका, क्या बोले प्रभसिमरन?
शॉर्ट बॉल के साथ अटैक कर रहा इंग्लैंड
भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार (7 जुलाई) को नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में वैभव पर सभी की नजरें थीं। टीम इंडिया को 202 रन का मुश्किल टारगेट मिला था। ऐसे में वैभव से उम्मीदें थीं कि वह बड़ी पारी खेल टीम की नैया पार लगाएंगे लेकिन वह जोफ्रा आर्चर के शॉर्ट ट्रैप में फंस गए। इंग्लैंड के इस एक्सप्रेस तेज गेंदबाज ने 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पटकी हुई गेंद डाली, जिसे पुल करने के प्रयास में वैभव चूक गए और गेंद उनके ग्लव्स पर लगकर जोस बटलर के दस्तानों में समा गई।
वैभव अपनी दूसरी इंटरनेशनल पारी में 13 रन ही बना पाए। इसके लिए उन्होंने 5 गेंद का सामना किया और 2 छक्के लगाए। जोफ्रा ने उन्हें पहली ही गेंद तीखी बाउंसर डाली थी, जिस पर पुल शॉट खेलते हुए वैभव बीट हुए थे। इस तेज गेंदबाज ने अगली गेंद भी हार्ड लेंथ डाली लेकिन लाइन ऑफ स्टंप के काफी बाहर थी, जिससे वैभव को हाथ खोलने का मौका मिल गया और उन्होंने बैकवर्ड पॉइंट के ऊपर से छक्का जड़ दिया।
जोफ्रा ने अगले ओवर में वैभव के स्ट्राइक पर आते ही बाउंसर डाला और इस बार 'बेबी बॉस' बच नहीं सके। इंग्लैंड ने वैभव के डेब्यू मैच में ही शॉर्ट बॉल ट्रैप अपनाया था। उनके खिलाफ अंग्रेज आगे भी इसी प्लान के साथ उतर सकते हैं। वैभव को इससे निपटने के लिए
IPL
वाला अवतार अपनाना होगा।
यह भी पढ़ें: मेजर लीग बेसबॉल ने सूर्या को एंबेसडर बनाया, अब भारतीय दर्शकों से जुड़ेगा MLB
क्या है वैभव का IPL वाला अवतार?
वैभव के खिलाफ हाल ही में IPL में भी लगातार बाउंसर डाले गए थे। टीमें उनके खिलाफ छोटी गेंद डालने की रणनीति के साथ उतर रही थीं। वैभव ने इसका काट निकाला और 19 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ कुछ ऐसे शॉट खेले, जो शायद ही पहले किसी ने देखा था। उन्होंने रैम्प और अपर कट खेल LSG को गेंदबाजों का अनसेटल कर दिया। एक समय 10 गेंद में सिर्फ 5 रन बनाकर खेल रहे वैभव ने जब सामने से आती बाउंसर गेंदों पर अपर कट लगाना शुरू किया, तब LSG उनके आगे असहाय नजर आई।
वैभव ने 38 गेंद में 93 रन की विस्फोटक पारी खेल डाली, जिसमें 7 चौके और 10 छक्के लागए। उन्होंने अपनी इस आतिशी पारी के दौरान पहली बार एक से ज्यादा रैम्प-अपर कट और स्कूप खेले। वैभव को इंग्लैंड के प्लान को ध्वस्त करने के लिए अब इसी अवतार को अपनाने की जरूरत है।