भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड दौरे पर बिना तैयारी के टी20 सीरीज जीत लिया। टीम इंडिया सीरीज शुरू होने से कुछ ही दिन पहले न्यूजीलैंड पहुंची थी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम को ज्यादा अभ्यास के मौके नहीं मिले लेकिन टीम ने 5 मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती 3 मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर लिया। इस पर हेड कोच गौतम गंभीर ने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि वनडे और टेस्ट मैचों के लिए सही माहौल तैयार हो गया है।
भारत ने न्यूजीलैंड को पांच मैच की टी20 सीरीज में 3-2 से हराया। टीम इंडिया को सीरीज के बीच में आराम करने का भी बहुत कम मौका मिला। गंभीर ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से कहा, 'इस सीरीज में आप लोगों ने जैसा प्रदर्शन किया उस पर आपको बहुत गर्व होना चाहिए। खासकर तब, जब आपको तैयारी के लिए सिर्फ 1 दिन का समय मिला। न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर खेलना और जीत हासिल करना ऐसा है, जिस पर आप गर्व कर सकते हैं।'
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में बड़े बदलाव की तैयारी, कोच फुल्टन बोले - अगले साल चुनेंगे नई टीम
आखिरी दो टी20 मैचों में हार पर क्या बोले गंभीर?
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें गंभीर ने कहा, 'आप लोग आखिरी दो मैच भी जीतना चाहते थे लेकिन कभी-कभी ऐसा हो जाता है। मगर मुझे लगता है कि आप लोगों ने दौरे के आगामी मैचों के लिए माहौल तैयार कर दिया है। सीरीज शुरू होने से पहले मैंने कहा था कि माहौल तैयार करने की जिम्मेदारी आप लोगों की है।' उन्होंने आगे कहा, 'अब वनडे और टेस्ट खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है कि वे वहीं से आगे बढ़ें, जहां पर आप लोगों ने छोड़ा है।'
यह भी पढ़ें: पीवी सिंधु ने जीता हाइलो ओपन का खिताब, फाइनल में डेनमार्क की शटलर को हराया
फिटनेस बनाए रखिए - गंभीर
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज बुधवार (4 नवंबर) से खेली जाएगी, जबकि 2 मैच की टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी। गंभीर ने टी20 खिलाड़ियों से दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए अपनी फिटनेस बनाए रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, 'यह सुनिश्चित करना होगा कि हम लगातार सुधार करते रहें। ऐसा करना सबसे महत्वपूर्ण है। हम जानते हैं कि हम पर्याप्त टी20 क्रिकेट नहीं खेलते हैं। अब हमें एक महीने का ब्रेक मिला है, इसलिए आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि आपकी फिटनेस बनी रहे और आप आगे के मैचों के लिए तैयार रहें।'