श्रीलंका दौरे के लिए सरफराज खान को भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है। उन्हें चोटिल साई सुदर्शन की जगह मौका मिला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार (9 अगस्त) शाम को इसकी जानकारी दी। युवा बल्लेबाज सुदर्शन दाएं पैर के अंगूठे में स्ट्रेस रिएक्शन से जूझ रहे हैं। BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में उनकी रिकवरी चल रही है।
सुदर्शन की सेहत में काफी सुधार हुआ है लेकिन BCCI की मेडिकल टीम ने कोई जोखिम नहीं लेते हुए उन्हें आराम देने का फैसला किया है। मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार नजर बनाए हुए है। सुदर्शन को पिछले महीने श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट के दौरान यह चोट लगी थी। BCCI ने बताया कि सरफराज जल्द ही कोलंबो में टीम से जुड़ेंगे। इसके बाद टीम पहले टेस्ट के लिए गॉल रवाना होगी। सरफराज लगभग डेढ़ साल बाद भारतीय टीम में लौटे हैं।
यह भी पढ़ें: ODI क्रिकेट में 5000 मैच पूरे, आंकड़ों में कैसा है यह फॉर्मेट?
सरफराज ने अब तक खेले 6 टेस्ट
28 साल के सरफराज ने भारतीय टीम के लिए अब तक 6 टेस्ट खेले हैं। उन्होंने 2024 की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में अपना डेब्यू किया था। इसके बाद वह साल के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में नजर आए थे। टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। इस सीरीज में सरफराज भारत के टॉप परफॉरमर्स में से एक थे। उन्होंने बेंगलुरु में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में शतक जड़ा था लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचों टेस्ट मैच में वह बेंच पर ही रहे।
दाएं हाथ के बल्लेबाज सरफराज घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते आए हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 62 मैचों में 64.73 के बेजोड़ औसत से 5114 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 17 शतक निकले हैं। उनके नाम एक तिहरा शतक भी दर्ज है। टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो सरफराज ने 6 मैचों में 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं। टीम इंडिया की जर्सी में उन्होंने एक शतक और 3 अर्धशतक जड़े हैं।
यह भी पढ़ें: जडेजा से लेकर शशांक सिंह तक, इस घरेलू सीजन कौन-कौन अपनी टीम बदल रहा है?
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम:
शुभमन गिल
(कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान),
यशस्वी जायसवाल
,
ऋषभ पंत
(विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर),
रवींद्र जडेजा
, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।